ट्रैलर से कुचलकर मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई
भीलवाड़ा।
पुर रोड स्थित आवरी माताजी के निकट रविवार रात को ट्रैलर से कुचलकर मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। प्रतापनगर थाना पुलिस ने शव को महात्मा गांधी अस्पताल स्थित मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार कादीसाना (शाहपुरा) निवासी परमेश्वर लाल गाडरी (23) रीको में फैक्ट्री में काम करके वापस बाइक से शहर की ओर आ रहा था।
आवरी माताजी के निकट ट्रैलर चालक ने चपेट में ले लिया। उसे एमजीएच ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित किया।
आठ लाख की धोखाधड़ी का आरोप
मकान खरीद के नाम पर आठ लाख की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। प्रतापनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार आजादनगर निवासी रामेश्वरलाल विश्नोई ने मामला दर्ज कराया।
परिवादी ने आरोप लगाया कि चन्द्रशेखर आजादनगर निवासी उम्मेदसिंह से उसने 8 लाख 1 हजार 101 रुपए में मकान खरीदा। आरोपी को भुगतान भी कर दिया, लेकिन वह ना तो कब्जा दे रहा ना ही रजिस्ट्री करवा रहा।
बकरिया चराने गई बालिका नाड़ी में डूबी
शाहपुरा. क्षेत्र के अरनिया रासा गांव में रविवार को जंगल में बकरियां चराने गई बालिका की नाडी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार अरनिया रासा निवासी राजू मीणा की 11 वर्षीय पुत्री कोमल दोपहर में बकरियां चराने जंगल में गई।
वहां नाडी में नहाने लग गई। गहराई में चले जाने से डूब गई। शाम को बकरियां तो घर आ गई, लेकिन कोमल के घर नहीं पहुंचने पर उसके रिश्तेदार तलाशने निकले। उनको नाडी के बाहर कपड़े मिले। नाडी में तलाशने पर उसका शव निकला। भीलवाड़ा में मजदूरी के लिए गए उसके माता-पिता को सूचना दी गई। देर रात शव को शाहपुरा स्थित मोर्चरी में रखवाया गया।
उधर, जहाजपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से आटोली निवासी रामस्वरूप भील की मौत हो गई। वह बाइक से गांव जा रहा था। रास्ते में टोलनाके से पहले हादसा हो गया। शव को शाहपुरा में मोर्चरी में रखवाया गया। दोनों शवों को सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।