अटेर रोड से बंबा किनारे वाली सड़क के रास्ते बाइक का पीछा करते हुए इंदिरा गांधी तक पहुंचा ट्रक जहां स्टेयरिंग काटकर टक्कर मारने के लिए किनारे पर लाया
भिण्ड. जिस तरह से अटेर रोड से ही ट्रक ने संदीप का पीछा किया और मौका मिलते ही किनारे पर जाकर कुचल दिया उससे स्पष्ट है कि ये हादसा नहीं बल्कि साजिशन हत्या की गई है संदीप की। यह कहना है प्रत्यक्षदर्शी केपी त्रिपाठी का। वहीं संदीप के पीछे आ रहे उसके भांजे और साथी पत्रकार विकास शर्मा ने बताया कि घर से निकलने के बाद ही संदीप की मोटरसाइकिल का ट्रक ने पीछा करना शुरू कर दिया था। पीछा कर रही मौत से बेखबर संदीप मंद गति से गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल ने इंदिरा गांधी चौराहे को क्रॉस किया तभी सिटी कोतवाली टीआई के आवास के सामने ट्रक चालक ने किनारे की ओर स्टेयरिंग काटकर संदीप को कुचल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस को घटना की सूचना पर करीब १५ मिनट बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची जबकि घटनास्थल से कुछ फीट की दूरी पर ही सिटी कोतवाली है। संदीप की सांसे चल रहीं थी लेकिन डायल १०० वाहन चालक संदीप को नाजुक अवस्था में वाहन में लादकर ट्रांमा सेंटर ले जाए जाने के बजाए मृत समझकर सीधे पीएम हाउस ले गया। बाद में जब कुछ लोगों ने संदीप की नब्ज चलती हुई देखी तो उसे आईसीयू में दाखिल कराया गया लेकिन तब देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया।
अवैध शराब सहित एक युवक दबोचा
भिण्ड ञ्च पत्रिका. रावतपुरा पुलिस ने एक युवक को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार माता प्रसाद पुत्र आशादीन बरेठा निवासी रावतपुरा अवैध शराब लेकर जा रहा था तभी इकमिली रोड पर पुलिया के निकट बीती शाम ७:३५ बजे उसे पकड़ लिया गया। आरोपी के कब्जे से ११०० रुपए कीमत की शराब जब्त की गई है।
लोसपा ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
समाजवादी विचारक और लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक रघुठाकुर ने पत्रकार संदीप शर्मा की मौत को संदेहहास्पद बताते हुए कहा है कि स्वर्गीय शर्मा लगातार खनन के खिलाफ काम कर रहे थे जिसका खामियाजा उन्हें अपनी जान देकर चुकाया है। मामले की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने तथा परिवार को २० लाख रुपए का मुआवजा देने की मांग की है।
ये सवाल बढ़ा रहे संदेह
चौराहे का मोड़ निकलते ही स्पीड क्यों बढ़ाई चालक ने
पत्रकार की बाइक किनारे पर थी ऐसे में करीब ३० फिट चौड़ी रोड छोड़कर किनारे की ओर ही ट्रक को क्यों काटा गया ट्रक
रोड पूरी तरह से सुनसान थी ऐसे में चालक बीच रोड पर ट्रक ले जा सकता था क्यों नहीं ले गया
हादसे के दौरान अक्सर वाहन चालक खिड़की से झांककर पीछे जरूरत देखते हैं तो ट्रक चालक ने ये क्यों नहीं देखा कि किसी को टक्कर लगी है या नहीं
कुछ ही दूरी पर जाकर मैकेनिक के गैराज में जाकर ट्रक के पुर्जे क्यों खुलवाने लगा था चालक
भास्कर शर्मा का है ट्रक जिसे भिण्ड में रेत परिवहन के लिए किराये से चलाया जा रहा था
ट्रक एमपी ०७- एचबी ४१६४ के मालिक भास्कर पुत्र रासेवक निवासी नाका चंद्रवदनी रामनगर ग्वालियर हैं। टीआई शैलेंद्र सिंह कुशवाह के अनुसार ट्रक को दिलीप शर्मा भिण्ड में किराये पर चलवा रहे थे। नियमित रूप से ट्रक पर भूरे सिंह यादव चालक के रूप में था लेकिन सोमवार को रनवीर सिंह यादव को बुलाया गया था। बताया गया है कि भूरे सिंह के परिवार में आयोजन था जिसके चलते रनवीर को कॉल कर बुलाया गया था।
प्रशासन ने दी ५० हजार की सहायता
कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने पीएम हाउस पर अपर कलेक्टर टीएन सिंह व एसडीएम संतोष तिवारी को भेजकर मृतक पत्रकार के परिवार को ५० हजार रुपए की आर्थिक सहायता दिला दी है। एसपी प्रशांत खरे ने स्वंय शवगृह पहुंचकर पत्रकार की मौत पर संवेदना व्यक्त करते हुए मामले में उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
सिर्फ एसआईटी से जांच कराने से काम नहीं चलेगा। मौत के सही कारण सामने लाने के लिए उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। सरकार रेत माफिया को संरक्षण दे रही है।
डॉ. गोविंद सिंह, विधायक लहार
पुलिस के दो अधिकारियों का खनिज माफिया से साठगांठ उजागर करने वाले पत्रकार की मौत दुर्घटना न होकर हत्या है। साजिश के तहत उन्हें कुचला गया है। एसआईटी का गठन बेईमानी है। न्यायिक जांच की जानी चाहिए।
रमेश दुबे, अध्यक्ष जिला कांग्रेस ई भिण्ड