बीकानेर

शहर में अवैध होर्डिंग का न सर्वे, न कोई कार्रवाई

शहर के मुख्य बाजारों सहित प्रमुख सड़कों, सर्किलों, मकानों, भवनों पर अवैध रूप से लगे होर्डिंग की भरमार है।

2 min read
Sep 30, 2017

शहर में जगह-जगह अवैध रूप से विज्ञापन होर्डिंग लगे हुए हैं, लेकिन नगर निगम प्रशासन इन्हें हटाने में उदासीनता बरत रहा है। अवैध होर्डिंग का न तो सर्वे हो रहा है और न ही अवैध होर्डिंग हटाने की कार्रवाई की जा रही है। शहर के मुख्य बाजारों सहित प्रमुख सड़कों, सर्किलों, मकानों, भवनों पर अवैध रूप से लगे होर्डिंग की भरमार है।

यहीं नहीं, विद्युत पोल पर भी अवैध रूप से भी कियोस्क बोर्ड लगाए जा रहे हैं। इसके बावजूद निगम प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इससे न केवल शहर का सौन्दर्य बिगड़ रहा है, बल्कि निगम व संबंधित ठेकेदार फर्म को वित्तीय नुकसान भी हो रहा है।

तीन जोन में होर्डिंग व्यवस्था
नगर निगम की ओर से निगम क्षेत्र को तीन जोन में बांटकर संबंधित फर्मों को विज्ञापन होर्डिंग लगाने का काम दिया गया है। जानकारी के अनुसार निगम की ओर से निर्धारित प्रथम जोन में होर्डिंग-यनिपोल की साइट संख्या 80, द्वितीय जोन में 105 तथा तृतीय जोन में साइट की संख्या 44 बताई जा रही हैं।

निगम की ओर से जोन अनुसार साइट की जो संख्या बताई जा रही है, उससे अधिक संख्या मेंं होर्डिंग लगे हुए हैं। इनका निगम ने सर्वे नहीं कराया है और न ही अवैध होर्डिंग को हटाने की कार्रवाई की।

एसआई के भरोसे निगम
नगर निगम शहर में अवैध होर्डिंग पर सेनेटरी इंस्पेक्टर के माध्यम से नजर रखता है। जानकारी के अनुसार सेनेटरी इंस्पेक्टर अपने क्षेत्र में अवैध होर्डिंग हटा सकता है। इसके लिए निगम ने उन्हें पाबंद भी किया हुआ है, लेकिन महीनों बाद भी अवैध होर्डिंग को हटाने की कार्रवाई नहीं की गई है।

होंगे चिह्नित
शहर में अवैध तरीके से लगे होर्डिंग को हटाने की कार्रवाई नगर निगम की ओर से की जाती है। कुछ समय पूर्व ऐसी कार्रवाई की गई थी। शीघ्र ही शहर में अवैध होर्डिंग चिह्नित किए जाएंगे व उनको हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
राष्ट्रदीप यादव, उपायुक्त, नगर निगम बीकानेर

ये भी पढ़ें

बीकानेर में बनेगा पहला अभिलेख संग्रहालय, 10 करोड़ 80 लाख रुपए आएगी लागत
Published on:
30 Sept 2017 12:48 pm
Also Read
View All