अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कार्मिक) एवं रेंज प्रभारी बीजू जॉर्ज जोसफ की अध्यक्षता में हुई बैठक में अपराध नियंत्रण से लेकर सीमा सुरक्षा तक के मुद्दों पर गंभीर मंथन हुआ।
सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा, साइबर अपराधों पर नियंत्रण और बढ़ते सड़क हादसों को लेकर बुधवार को बीकानेर में पुलिस महकमे की बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित हुई। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कार्मिक) एवं रेंज प्रभारी बीजू जॉर्ज जोसफ की अध्यक्षता में हुई बैठक में अपराध नियंत्रण से लेकर सीमा सुरक्षा तक के मुद्दों पर गंभीर मंथन हुआ। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीकानेर दौरे के बाद हुई इस अहम बैठक में बीकानेर रेंज के विभिन्न जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, नशा और हथियार तस्करी पर रोक, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने जैसे विषय प्रमुखता से उठे। बैठक में क्षेत्र में घटित प्रमुख अपराधों और अपराध नियंत्रण की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न जिलों में अपराध के बदलते स्वरूप पर भी चर्चा हुई।
सीमा सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग पर फोकस
अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी मजबूत करने और खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने पर जोर दिया गया। बैठक में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने की आवश्यकता भी जताई गई। बैठक में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश, बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा, श्रीगंगानगर एसपी हरीशंकर, हनुमानगढ़ एसपी नरेंद्र सिंह मीणा, चूरू एसपी निश्चय प्रसाद एम सहित रेंज के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।