
Diljit Dosanjh On Satluj Controversy: फिल्म 'सतलुज' को लेकर इन दिनों विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इस फिल्म को 'जी 5' पर स्ट्रीम किया गया था। हालांकि स्ट्रीम होने के 24 घंटे ही फिल्म को हटा दिया गया। अब इस फिल्म को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। फिल्म के हटने के बाद सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने फिल्म को लेकर बात की है। उन्होंने क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।
दिलजीत दोसांझ ने फिल्म के हटने के बाद इंस्टाग्राम पर अपने लाइव का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने फिल्म के ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटने के बारे में बात की। उन्होंने कहा, मुझे पहले से अंदाजा था कि फिल्म के रिलीज होते ही कोई ना कोई बवाल होगा ही। हालांकि मुझे लग रहा था कि इसे लेकर विवाद सोमवार को होना शुरू होगा और शायद ऑफिस खुलने बाद सोमवार को ही फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटे लेकिन इसे रविवार को ही हटा दिया गया। दिलजीत ने कहा कि यही वजह थी कि हमने इस फिल्म का ज्यादा प्रमोशन भी नहीं किया।
इसके अलावा वीडियो में दिलजीत दोसांझ ने फैंस को बताया कि उन्हें खुशी इस बात की है कि लोगों तक ये फिल्म पहुंच चुकी है। कई लोगों ने फिल्म को डाउनलोड कर लिया है। उन्होंने कहा, मैंने आज ही सोशल मीडिया पर एक बहुत ही प्यारा वीडियो देखा जिसमें राजस्थान के किसी गुरुद्वारे में फिल्म को बड़े स्क्रीन पर लगवाकर दिखाया जा रहा था तो मुझे तसल्ली है इस बात की कि कई लोगों तक फिल्म पहले से ही पहुंच चुकी है।
'सतलज' का मूल नाम 'पंजाब 95' था। ये फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन और उनके संघर्ष से प्रेरित बताई जाती है। बता दें, खालरा ने 1990 के दशक में पंजाब में कथित मानवाधिकार उल्लंघनों और लापता लोगों के मामलों को उजागर करने का काम किया था। इसी संवेदनशील विषय पर आधारित होने के कारण फिल्म लंबे समय तक प्रमाणन प्रक्रिया में अटकी रही। आखिरकार इसे नए नाम के साथ ओटीटी पर रिलीज किया गया, लेकिन जल्द ही प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया।