बॉलीवुड

हादसे के बाद बाल-बाल बचे इमरान हाशमी का पहला पोस्ट आया सामने, फिल्म के नए गाने को लेकर दी जानकारी

Emraan Hashmi Injured On Gunmaaster G9: अभिनेता इमरान हाशमी के साथ फिल्म 'गनमास्टर जी 9' की शूटिंग के दौरान हादसा हो गया। इसी फिल्म का ही अब एक नया गाना रिलीज हो गया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
2 min read
• •
Oct 14, 2026
Emraan Hashmi Injured On Gunmaaster G9
इमरान हाशमी (फोटो सोर्स- IMDb)

Emraan Hashmi Injured On Gunmaaster G9: अभिनेता इमरान हाशमी हाल ही में अपनी अपकमिंग फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ की शूटिंग के दौरान एक खतरनाक कार-फ्लिप स्टंट में बाल-बाल बच गए। इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद फिल्म और अभिनेता को लेकर चर्चा तेज हो गई थी। अब हादसे के बाद इमरान हाशमी की ओर से पहला सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया है। अभिनेता ने अपनी इसी फिल्म का नया गाना ‘दो दिन की जिंदगी’ सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

‘गनमास्टर जी9’ के मेकर्स ने फिल्म का दूसरा गाना ‘दो दिन की जिंदगी’ रिलीज कर दिया है। इस रोमांटिक गाने को श्रेया घोषाल और विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसे हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है। गाने के बोल जुनैद वसी ने लिखे हैं। इससे पहले फिल्म का गाना ‘अफसाना बनाया आपने’ भी रिलीज हो चुका है।

कैसे हुआ था शूटिंग के दौरान हादसा?

दरअसल, फिल्म की शूटिंग के दौरान एक खतरनाक कार स्टंट फिल्माया जा रहा था। सामने आए वीडियो में एक एसयूवी को क्रेन की मदद से हवा में लटकाया गया था। सेट पर मौजूद क्रू मेंबर इस पूरे स्टंट को देख रहे थे। कुछ देर बाद एसयूवी अचानक झटके के साथ हवा में पलटने लगी।

एसयूवी नीचे की तरफ घूमते हुए वहां से गुजर रही एक काली वैन से टकरा गई। वीडियो में इसके बाद सेट पर मौजूद लोग तुरंत वाहन की तरफ भागते हुए नजर आते हैं। बताया गया कि इस दौरान इमरान हाशमी भी कार के बेहद करीब थे और वह बाल-बाल बच गए। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि एसयूवी का इस तरह पलटना तय स्टंट का हिस्सा था या शूटिंग के दौरान कुछ गड़बड़ी हुई।

पहले भी मुश्किल में फंसी थी फिल्म की शूटिंग

‘गनमास्टर जी9’ की शूटिंग के दौरान यह पहली परेशानी नहीं है। इससे पहले जून में हरिद्वार में फिल्म की शूटिंग के दौरान भी हंगामा हो गया था। स्थानीय लोगों को फिल्म का सेट असली बार लगा था, जिसके बाद वहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। हालांकि, बातचीत के बाद मामला सुलझा लिया गया था।

27 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म

आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी ‘गनमास्टर जी9’ में इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया डिसूजा, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक सिंह नजर आएंगे। फिल्म को दीपक मुकुट, संगीता अहीर और हुनर मुकुट ने प्रोड्यूस किया है। यह एक्शन और रोमांस से भरपूर फिल्म बताई गई है।

‘गनमास्टर जी9’ दुनिया भर के सिनेमाघरों में 27 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया की जोड़ी इससे पहले भी कई लोकप्रिय गाने दे चुकी है और अब फिल्म के नए गाने ‘दो दिन की जिंदगी’ से दर्शकों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

Updated on:
14 Oct 2026 12:19 pm
Published on:
14 Oct 2026 12:19 pm