बॉलीवुड

‘MENTAL HAI KYA’ फिल्म के नए पोस्टर्स जारी, राजकुमार और कंगना दिखे अलग अंदाज में…

5 मार्च को इस फिल्म के पहले 2 पोस्टर्स जारी हुए थे । आज फिर फिल्म के नए मजेदार पोस्टर्स सामने आए हैं।
2 min read
Mar 06, 2018
mental hai kya
mental hai kya

बॅालीवुड इंडस्ट्री के जाने माने स्टार राजकुमार राव और क्वीन कंगना रनौत की जोड़ी जल्द ही फिल्म 'मेंटल है क्या' से बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। इससे पहले इन दोनों स्टार्स को फिल्म 'क्वीन' में साथ देखा जा चुका है। 5 मार्च को इस फिल्म के पहले 2 पोस्टर्स जारी हुए थे । आज फिर फिल्म के नए मजेदार पोस्टर्स सामने आए हैं।

इन पोस्टर्स में कंगना बिकनी पहने क्राइम लोकेशन पर मस्ती करती दिखाई दे रही हैं। वहीं राजकुमार भी पोस्टर में कुछ अलग अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। इस फिल्म को निर्देशक प्रकाश कोवेलमूडी ने डायरेक्ट किया है। प्रकाश कोवेलमूडी साउथ इंडस्ट्री के काफी प्रतिष्ठित निर्देशक हैं। उन्हें तेलुगू फिल्म ‘बोमालता’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिल चुका है। ऐसा पहली बार होगा जब प्रकाश, कंगना और राजकुमार राव के साथ काम करने वाले हैं।इस फिल्म की कहानी कनिका ढ़िल्लन ने लिखी है।

‘मेंटल है क्या’ की कहानी

फिल्म ‘मेंटल है क्या’ एक सायकोलॅाजिकल थ्रिलर फिल्म है। इसमें कंगना और राजकुमार एक अलग ही अंदाज में नजर आने वाले हैं। बता दें कि इस फिल्म की शूटिंग इस महीने से मुंबई में शुरु की जाएगी। फिल्म का प्रोडक्शन एकता कपूर के बालाजी मोशन पिक्चर्स और शैलेष आर सिंह के कर्मा मीडिया बैनर तले हो रहा है।

'मणिकर्णिका' के आखिरी कुछ शूट्स में व्यस्त हैं कंगना

इन दिनों एक्ट्रेस कंगना रनौत अपनी आने वाली फिल्म 'मणिकर्णिका' के आखिरी कुछ शूट्स में व्यस्त हैं। फिल्म की कहानी रानी लक्ष्मी बाई की जिंदगी पर आधारित है। फिल्म में कंगना रानी लक्ष्मीबाई की भूमिका निभा रही हैं वहीं इस फिल्म से टीवी इंडस्ट्री की जानी मानी एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे भी डेब्यू करने वाली हैं। 'मणिकर्णिका' में अंकिता रानी लक्ष्मीबाई की खास दोस्त झलकारी बाई की भूमिका निभा रही हैं। कुछ दिन पहले कंगना ने एक इंटरव्यू दिया था। इस इंटरव्यू में उन्होंने बताया, 'आप जब रानी लक्ष्‍मीबाई की बात करते हैं तो सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि वो एक अद्भुत महिला थीं। ऐसे में उनके किरदार के लिए सिर्फ कपड़े पहनकर, मेकअप करके, गहने पहनकर, हेयरस्‍टाइल लेकर उनकी तरह ढलने की बात करना बेवकूफी है। उनके किरदार में ढलने के लिए थोड़ी चोट लगे और खून बहाना पड़े तो भी कम है।' फिल्म 'मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ झांसी' 27 अप्रैल को रिलीज होगी।

Updated on:
07 Mar 2018 01:01 pm
Published on:
06 Mar 2018 05:08 pm