
हंसल मेहता हमेशा अपनी कहानियों से लोगों को आश्चर्यचकित करते रहे हैं। आज जारी हुआ उनकी अगली फिल्म 'ओमेर्टा' का पहला पोस्टर यह संकेत देता है कि फिल्मकार और उनके साथ राजकुमार राव फिर से एक नई इबारत लिखने वाले हैं। 'ओमेर्टा' आतंकवादी अहमद उमर सईद शेख की भयानक और सच्ची कहानी है, जिसकी भूमिका राजकुमार राव ने निभाई है। पोस्टर में राजकुमार प्रार्थना में घुटने टेक कर बैठे है और सिर पर स्कल कैप (टोपी) लगाए हुए है।
एक खूंखार आतंकवादी को प्रार्थना में देखकर आश्चर्य होता है कि कैसे कोई आदमी इस तरह दिख सकता है जो बिना सोचे-समझे किसी को मार देता है। लेकिन हंसल मेहता की स्टोरीटेलिंग को देखते हुए ये निश्चित तौर पर एक मजबूत सन्देश देती है।
निर्देशक हंसल मेहता ने बताया...
हंसल मेहता कहते हैं, "ओमेर्टा राज्य प्रायोजित आतंकवाद और कैसे ये युवा मन को जिहाद की ओर ले जाता है, का खुलासा करती है। आतंक का अर्थ है ताकत (पावर)। दुनिया भर के फिल्म समारोहों में इसकी स्क्रीनिंग को काफी सराहना मिली है। दर्शकों ने इसे खामोशी से देखा और कभी-कभी क्रोधित भी हुए। मैं दर्शकों से इसी तरह की प्रतिक्रिया की अपेक्षा करता हूं।"
ओमेर्टा हमारे समय के सबसे खतरनाक आतंकवादियों में से एक की भयानक वास्तविक कहानी है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान को रिक्रिएट करते हुए, लंदन और भारत के ओरिजनल लोकेशन पर शूट ओमेर्टा पाकिस्तान प्रायोजित आतंक के असली और वर्तमान चेहरे को उजागर करती है। 9/11 हमला, मुंबई आतंकवादी हमला, अमेरिकी पत्रकार डेनियल पर्ल की क्रूर हत्या सहित हाल में कुछ सबसे ख़तरनाक आतंकवादी हमलों के इर्द-गिर्द बनी ये फिल्म एक दुष्ट (एविल) मन की यात्रा की कहानी कहती है। इस फिल्म को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2017 में बेहतरीन समीक्षा मिली। इसके बाद, बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और मुंबई फिल्म फेस्टिवल 2017 में समापन फिल्म के तौर पर इसकी सफल स्क्रीनिंग हुई।