भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni Retirement) ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्साय ले लिया। धोनी ने सोशल मीडिया (Social Media) पर इसका एलान किया।
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni Retirement) ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्साय ले लिया। धोनी ने सोशल मीडिया (Social Media) पर इसका एलान किया। धोनी ने संन्यास की खबर देते हुए इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में क्रिकेट के उनके शुरुआती दिनों से लेकर आखिरी दिनों की तस्वीरों हैं। खास बात ये थी कि धोनी ने वीडियो में 'मैं पल दो पल का शायर हूं' गाना लगाया था। उनके इस वीडियो ने सभी को इमोशनल कर दिया। बॉलीवुड से भी धोनी के रिटायरमेंट पर प्रतिक्रिया आईं हैं।
वहीं, दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) भी धोनी के बहुत बड़े फैन थे। धोनी की बायोपिक 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' के प्रमोशन के दौरान सुशांत के साथ धोनी भी मौजूद रहते थे। एक इवेंट में जब सुशांत सिंह राजपूत से धोनी के रिटायरमेंट को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि मुझे लगता है धोनी को रिटायरमेंट कब लेना चाहिए, ये फैसला धोनी से बेहतर कोई नहीं ले सकता।
सुशांत सिंह राजपूत ने कहा था, 'जब हम लीडरशिप की कोई किताब पढ़ते हैं तो उसमें लिखी गईं सभी अच्छाई धोनी में मिलती हैं। जब आप किसी ऐसे इंसान की बात करते हैं जिन्होंने सालों तक देश की सेवा की है तो मुझे लगता है कि तो संन्यास के बारे में फैसला लेने का हक सिर्फ धोनी का होना चाहिए।'
सुशांत सिंह राजपूत ने धोनी की बायोपिक 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' (MS Dhoni: The Untold Story) में उनका किरदार निभाया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी थी। आज भी जब यह फिल्म टीवी पर आती है तो सभी निगाहें टिकाकर इसे देखते हैं। सुशांत ने धोनी के किरदार के लिए काफी मेहनत की थी। यही वजह है कि फिल्म में सुशांत ने एमएस धोनी को बिल्कुल उन्हीं की तरह निभाया। धोनी की छोटी-छोटी आदतों से लेकर हर चीज सुशांत ने बखूबी निभाई थी। इस फिल्म की शूटिंग से पहले सुशांत ने धोनी के साथ काफी वक्त गुजारा था। उनकी हर आदत को बारीकी से देखा और समझा था। खबरें हैं कि जब सुशांत सिंह राजपूत की मौत की खबर माही को मिली तो वह बुरी तरह टूट गए। दोनों ने साथ में काफी वक्त बिताया था।
सुशांत की एक्स गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे ने एक बार टीवी चैनल को दिए अपने इंटरव्यू में बताया था कि सुशांत धोनी जैसा बनना चाहते थे। हर घड़ी में बिल्कुल शांत। बहुत बड़ी जीत मिले या हार धोनी हमेशा शांत रहते थे, उनकी इसी खूबी को सुशांत बहुत पसंद किया करते थे।