
Taapsee Pannu vs Kangana Ranaut: बॉलीवुड की दो चर्चित अभिनेत्रियों कंगना रनौत और तापसी पन्नू के बीच पुरानी तनातनी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। दोनों के बीच ये विवाद कोई नया नहीं है, लेकिन हालिया सोशल मीडिया पोस्ट ने एक बार फिर इस पुराने झगड़े को चर्चा में ला दिया है।
कंगना ने तापसी पर उनके परिवार और परवरिश को लेकर टिप्पणी करने का आरोप लगाया, जिसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर तापसी को लेकर तीखी बात कही। अब तापसी ने भी बिना किसी का नाम लिए एक छोटा-सा पोस्ट शेयर किया है, जिसे कंगना के बयान का जवाब माना जा रहा है।
मामला तब शुरू हुआ जब कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर तापसी की कुछ टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दी। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कंगना ने तापसी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उन्हें ‘सस्ती कॉपी’ कहकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि तापसी ने उनकी परवरिश और माता-पिता को लेकर टिप्पणी की है।
कंगना ने ये भी कहा कि हर माता-पिता अपने बच्चों के लिए अपनी तरफ से बेहतर करने की कोशिश करते हैं और वो आमतौर पर किसी विवाद में सामने वाले के परिवार को शामिल नहीं करतीं। हालांकि इस बार उन्होंने तापसी के माता-पिता को लेकर भी सवाल उठाया। कंगना ने अपनी परवरिश और पारिवारिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए तापसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने का आरोप लगाया। बाद में कंगना ने अपनी ये इंस्टाग्राम स्टोरीज डिलीट कर दीं। हालांकि तब तक उनके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके थे।
कंगना के पोस्ट के बाद तापसी पन्नू ने भी सोशल मीडिया पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया और सिर्फ लिखा- 'हेंस प्रूव्ड' यानी ‘इससे साबित हो गया।’
तापसी की इस छोटी सी पोस्ट को कंगना के बयान का जवाब माना जा रहा है। उन्होंने न तो पूरे विवाद पर लंबी सफाई दी और न ही सीधे तौर पर कंगना का नाम लिया। उनके दो शब्दों वाले पोस्ट ने ही सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी।
कंगना और तापसी के बीच विवाद की शुरुआत कई साल पहले हुई थी। साल 2019 में कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने तापसी को कंगना की ‘सस्ती कॉपी’ कहा था। इसके बाद दोनों अभिनेत्रियों के बीच सोशल मीडिया और इंटरव्यू के जरिए कई बार बयानबाजी देखने को मिली।
साल 2020 में नेपोटिज्म और बॉलीवुड में आउटसाइडर्स की स्थिति को लेकर बहस के दौरान भी दोनों के बीच विवाद बढ़ा था। कंगना ने तापसी समेत कुछ अन्य अभिनेत्रियों को लेकर तीखी टिप्पणियां की थीं। तापसी भी कई मौकों पर कंगना की बातों का अपने अंदाज में जवाब देती रही हैं।
एक इंटरव्यू में तापसी से जब कंगना के साथ उनके विवाद को लेकर सवाल किया गया था, तब अभिनेत्री ने कहा था कि वह कंगना से मिली तक नहीं हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि दोनों की सोच और चीजों को देखने का नजरिया अलग है। तापसी के मुताबिक किसी व्यक्ति की बातों और व्यवहार से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसकी परवरिश और सोच कैसी रही है।
अब एक बार फिर दोनों के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग जैसी स्थिति बनती नजर आ रही है। हालांकि तापसी ने इस बार सीधे जवाब देने के बजाय बेहद छोटा और रहस्यमयी पोस्ट किया है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो तापसी पन्नू जल्द ही फिल्म ‘गांधारी’ में नजर आने वाली हैं। देवाशीष मखीजा के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक मां की कहानी पर आधारित है, जो एक दर्दनाक हादसे के बाद अपने बच्चे को बचाने के लिए हर हद पार करने को तैयार हो जाती है। फिल्म की कहानी में भावनात्मक संघर्ष के साथ एक्शन का भी अहम हिस्सा है। ‘गांधारी’ का प्रीमियर 3 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर होने वाला है।