चूरू

चूरू के सुजानगढ़ निवासी युवक की लाडनूं में चाकू से वार कर निर्मम हत्या, खून से लथपथ मिला शव

मृतक के परिजन, रिश्तेदार एवं सुजानगढ़ व लाडनूं तेली समाज के लोग अस्पताल परिसर में धरना देकर बैठ गए। परिजन नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके सामने पेश नहीं करने तकर शव नहीं उठाने पर अड़े रहे।

2 min read
Apr 25, 2026

लाडनूं/सुजानगढ़. शहर में गुरुवार रात को सुजला कॉलेज तिराहे के पास एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वारदात रात करीब 10.15 बजे की है। राहगीरों ने खून से लथपथ युवक का शव देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सरफराज (22) पुत्र उमर दीन तेली निवासी चांद नगर, सुजानगढ़ (Sujangarh) के रूप में हुई । युवक के पेट और छाती पर चाकू के कई वार मिले। घटनास्थल पर खून बिखरा था और हत्या में प्रयुक्त चाकू पड़ा था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

तेली समाज के लोग धरने पर बैठे

इधर, मृतक के परिजन, रिश्तेदार एवं सुजानगढ़ व लाडनूं तेली समाज के लोग अस्पताल परिसर में धरना देकर बैठ गए। परिजन नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके सामने पेश नहीं करने तकर शव नहीं उठाने पर अड़े रहे।

पुरानी रंजिश में वारदात, चाचा की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज
मृतक के चाचा लाल मोहम्मद ने सुजानगढ़ निवासी जसवंतगढ़ थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि सरफराज गुरुवार की रात करीब 10:15 बजे जसवंतगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था। लाल मोहम्मद ने सुजला चौराहे पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों अरबाज, फैजान, ईशान, नावेद सहित अन्य पर अचानक चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला करने का आरोप लगाया है। मौके पर मौजूद इमरान गौरी व बिलाल ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। लाल मोहम्मद ने रिपोर्ट में हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताया है।

अस्पताल में तोड़ा दम
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहां सरफराज सड़क पर खून से लथपथ पड़ा था। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही डीएसपी जितेंद्रसिंह चारण व लाडनूं थानाधिकारी शिम्भूसिंह मीणा व जसवंतगढ़ थानाधिकारी राजेश सियाग भी मौके पर पहुंचे।

बाइक पर आए थे चार युवक
पुलिस के अनुसार वारदात के दौरान चार युवक मोटरसाइकिल पर आए थे। प्रारंभिक जांच में दो नाबालिग संदिग्धों को राउंडअप कर पूछताछ शुरू की है। एफएसएल टीम ने मौके साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर अलग-अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है।

सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
अस्पताल परिसर में धरने पर बैठे परिजन व तेली समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार अनिरुद्ध देव पांडे को ज्ञापन सौंपकर सभी नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को 40 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा एक सदस्य को संविदा पर सरकारी नौकरी देने की मांग रखी है। वार्ता के दौरान परिजनों के सहमति जताने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

जांच जारी, जल्द करेंगे खुलासा
परिजनों की सहमति के बाद पोस्टमार्टम कर शव सौंप दिया है। जल्द ही शेष आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। जितेंद्रसिंह चारण, डीएसपी, लाडनूं

Published on:
25 Apr 2026 12:46 pm
Also Read
View All