चूरू

सालासर धाम में हनुमान जन्मोत्सव : चैत्र पूर्णिमा मेले की तैयारियों को दिया अंतिम रूप, श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला हुआ शुरू

नियंत्रण कक्ष में अधिकारी हर समय मौजूद रहेंगे, ताकि मेले का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके। पूर्णिमा मेले को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।

2 min read
Apr 01, 2026


सालासर. हनुमान जन्मोत्सव पर लक्खी मेले के तहत श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ रही है। श्रद्धालु हाथों में ध्वजा के साथ बालाजी महाराज के जयकारे लगाते हुए मंदिर की तरफ बढ़ते रहे। हनुमान सेवा समिति अध्यक्ष सत्यप्रकाश पुजारी ने बताया कि मंगलवार को 80 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुबह 5 बजे मंदिर की पट खोल दिए गए। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए लाइन में ही चाय, पानी, मेडिकल आदि की व्यवस्था की गई है। विभिन्न स्थानों पर निजी गार्ड व पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।

हनुमान जन्मोत्सव (Hanuman birth anniversary) सालासर धाम (Salasar Dham) में भरने वाले चैत्र पूर्णिमा मेले को लेकर श्रीहनुमान सेवा समिति की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है वहीं श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। जिसके क्रम में सोमवार देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सालासर पहुंचे। श्री हनुमान सेवा समिति के अध्यक्ष सत्यप्रकाश पुजारी ने बताया कि तीन दिवसीय मेले के दौरान देशभर से आनेवाले श्रद्धालु सालासर पहुंचकर बालाजी का जन्मोत्सव मनाते हुए उनके दर्शन कर पूजा अर्चना करेंगे। श्रद्धालु चूरमा और लड्डू का भोग लगाकर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। लाखों लोगों की आस्था के केंद्र सालासर धाम में मुख्य मेला 2 अप्रैल को पूर्णिमा पर भरेगा, जिस दिन श्रद्धालु दर्शन कर बालाजी को धोक लगाएंगे।

सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

पूर्णिमा मेले (full moon fair) को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। सुजानगढ़ एएसपी दिनेश कुमार तथा डिप्टी दरजाराम बोस ने पुलिस जवानों को तैनाती से पहले आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जत्थों के साथ आने वाली भीड़ को समझाइश देकर लाइनों के माध्यम से दर्शन के लिए प्रेरित किया जाए तथा श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व्यवहार रखा जाए। तीन दिवसीय मेले के दौरान पुलिस कर्मचारियों को जिम्मेदारियां दी गई है। क्योंकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं की प्राथमिकता बालाजी के दर्शन करना है। ऐसे में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

मेला नियंत्रण कक्ष का शुभारंभ

सालासर बालाजी मेले (Salasar Balaji Fair) को लेकर सोमवार को मेला नियंत्रण कक्ष का शुभारंभ सुजानगढ़ एसडीएम ओमप्रकाश वर्मा एवं तहसीलदार गिरधारी पारिक ने किया। नियंत्रण कक्ष में अधिकारी हर समय मौजूद रहेंगे, ताकि मेले का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके। इस दौरान श्री हनुमान सेवा समिति के अध्यक्ष सत्यप्रकाश पुजारी, जीतमल शर्मा, मनीष पुजारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Published on:
01 Apr 2026 12:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर