पुलिस को अभी भी इस मामले में दो आरोपियों की तलाश है, जबकि एक डॉक्टर समेत दो मददगार लोगों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
चंडीगढ़। हरियाणा के रेवाड़ी में सीबीएसई टॉपर छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के तीनों आरोपियों निशु, संजीव और दीनदयाल को सिविल कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से तीनों को पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने सामूहिक दुष्कर्म कांड के मुख्य आरोपी निशु को रविवार को ही गिरफ्तार किया था।
आरोपियों में एक सेना का जवान, एक डॉक्टर
पुलिस को अभी भी इस मामले में दो आरोपियों की तलाश है, जबकि एक डॉक्टर समेत दो मददगार लोगों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिन दो आरोपियों की तलाश है उनमें से एक सेना का जवान पंकज और दूसरा मनीष है। दुष्कर्म कांड में मदद करने वालों एक कोठरे का मालिक है, उसी के यहां वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने कहा कि दीनदयाल ने आरोपियों को कमरे की चाबी दी थी, जहां उन्होंने 12 सितंबर को यह अपराध किया। इतना ही नहीं दीनदयाल ने इस बात कि जानकारी किसी को नहीं दी थी।
यह है पूरा मामला...
गौरतलब है कि बीते गुरुवार को 19 साल की छात्रा के साथ यह घटना उस समय घटी जब वह कोचिंग के लिए घर से निकली थी। कोचिंग के लिए जैसे ही छात्रा महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पहुंची, तो वहां पहले से ही मौजूद गांव के तीन युवकों ने उसे खींचकर अपनी कार में बिठा लिया। इसके बाद वो छात्रा को करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित एक मकान में ले गए। इतना ही नहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने फिर से पीड़िता को उठाकर कार में डाला और उसी बस स्टैंड पर फेंक कर फरार हो गए।