धमतरी

छत्तीसगढ़ चुनाव: योगी आदित्यनाथ के जरिए भाजपा ने खेला हिन्दुत्व कार्ड

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा कराकर भाजपा ने यहां हिन्दुत्व का कार्ड खेल दिया है।

2 min read
Nov 15, 2018
छत्तीसगढ़ चुनाव: योगी आदित्यनाथ के जरिए भाजपा ने खेला हिन्दुत्व कार्ड

कुरूद. छत्तीसगढ़ के सबसे हाईटेक सीटों में एक कुरूद में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा कराकर भाजपा ने यहां हिन्दुत्व का कार्ड खेल दिया है। बता दे कि कांग्रेस ने साहू बहुल्य इस सीट से लक्ष्मीकांता साहू को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसके चलते मुकाबला संघर्षपूर्ण हो गया है।

खेल मेला मैदान में आयोजित सभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के मार्ग में रोडा बनी हुई है। भाजपा हर हाल में वहां भगवान राम की भव्य मंदिर बनाएगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आगे कहा कि देश में 55 साल तक राज करने के बाद भी कांग्रेस जनता का विश्वास नहीं जीत सकी। कांग्रेस ने हमेशा देश को बांटने का काम किया है। आज हमारे देश में बेरोजगारी, आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी समस्याएं है, वह कांग्रेस की ही देन है। जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर कांग्रेस ने हमेशा दुर्भावना फैलाई है।

देश आज उसी की कीमत चुका रहा है। केन्द्र में सत्तारूढ़ मोदी सरकार के शासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि राजीव गांधी के समय केन्द्र के 90 रुपए दलाल चट कर जाते थे और महज दस रुपए निचले स्तर तक पहुंचता था। आज हम गर्व से कह सकते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी जो सौ रुपए भेजते हैं, वह विकास कार्यों में लग रहा है सत्ता चलाने के लिए अच्छी नीयत और नीति चाहिए। दुर्भाग्य से कांग्रेस के पास न तो कोई नेता है और न ही नीति-नीयत है। सभा को जिपं अध्यक्ष रघुनंदन साहू, शिवप्रताप ठाकुर, ज्योति चन्द्राकर ने भी संबोधित किया।

प्रदेश में सत्तारूढ़ रमन सरकार की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रारंभ में जब छत्तीसगढ़ अस्तित्व में आया तो यह एक बीमारू राज्य था। रमन सिंह ने जब से सत्ता सम्हाली है, तब से राज्य का विकास तेजी से हुआ है। यहां माफिया के दिन समाप्त हो गए और राम राज्य के अच्छे दिन आ गए। कुरूद में हुए विकास कार्यो का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विकास का यह क्रम आगे भी रूकना नहीं चाहिए।

ये भी पढ़ें

छत्तीसगढ़ चुनाव: BJP स्टार प्रचारक हेमामालिनी बोलीं- सरकार आई तो मैं फिर आऊंगी, नहीं तो…

Published on:
15 Nov 2018 11:13 am