कॉल बेल लगातार बज रहा था, पर कोई उठाया नहीं कमरे में जाकर देखा तो...
धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम लोहरसी में कक्षा बारहवीं की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह घटना शहर के निकट ग्राम लोहरसी की है। बुधवार की रात करीब 8 बजे बाजार चौक निवासी पुष्पांजलि साहू (17) पिता स्व. लोकधर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि रात में पुष्पांजलि की चचेरी बहन अपने छत में टहल रही थी, कि तभी पुष्पांजलि के यहां मोबाइल फोन की घंटी सुनाई दी। कॉल बेल लगातार बज रहा था, पर कोई उठाया नहीं।
इस पर उसकी चचेरी बहन छत के रास्ते पुष्पांजलि के घर में आई, तो उसके कमरे का दृश्य देखकर हतप्रभ रह गई। वह फांसी के फंदे पर झुल रही थी। तत्काल उसने चीख-पुकार मचाते हुए इसकी खबर दादा को दी। आनन-फानन में दौड़कर सभी परिजन आ गए, लेकिन उसे फंदे से उतार पाते, इसके पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक पड़ताल के बाद पुलिस ने कमरे को बंद कर दिया। आज सुबह पंचनामा कार्रवाई के बाद लाश का पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने बताया कि पुष्पांजलि कक्षा बारहवीं की छात्रा थी। वह ग्राम पोटियाडीह स्थित शारदा स्कूल में अध्ययनरत थी। तीन बहन और एक भाई में वह सबसे छोटी थी। सरल स्वभाव की पुष्पांजलि ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसे लेकर घर में सभी सकते में है।
शहर के बठेना वार्ड में एक दिव्यांग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि बठेना निवासी संपत्त राम ध्रुव किसी काम से अस्पताल आया था। शाम को घर लौटा तो देखा कि उसका पुत्र राजू ध्रुव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। पास में ही व्हील चेयर पड़ी है,जिसके सहारे चढ़कर पैर में बांधने वाले मोटे पट्टी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। बताया गया है कि लंबे समय से वह पैर दर्द से परेशान था। एक सड़क हादसे के बाद उसका पैर काटना पड़ा था।