धौलपुर

Dholpur: शरद मेले को लेकर व्यापारियों के साथ बैठक, दुकान आवंटन से लेकर अतिक्रमण और यूडी टैक्स पर चर्चा

शरद मेले के आयोजन को लेकर नगर परिषद धौलपुर ने तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में नगर परिषद टाउन हॉल में सभापति और आयुक्त ने शहर के व्यापारियों और दुकानदारों के साथ बैठक कर संवाद किया।
2 min read
Dholpur news
धौलपुर. बैठक में मौजूद व्यापारी।

धौलपुर. शरद मेले के आयोजन को लेकर नगर परिषद धौलपुर ने तैयारियां तेज हो गई हैं। इस दफा मेले का जिम्मा स्वयं नगर परिषद संभालेगी। इसी सिलसिले में नगर परिषद टाउन हॉल में सभापति गिरीश गर्ग और आयुक्त विष्णु परमार ने शहर के व्यापारियों और दुकानदारों के साथ बैठक कर संवाद किया।

बैठक में शरद मेले की व्यवस्थाओं, दुकानों के आवंटन, दीपावली पर बाजारों की सजावट, अतिक्रमण हटाने और शहर की साफ. सफाई सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। व्यापारियों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे।

उचित दरों पर दुकानें उपलब्ध कराने का प्रयास

सभापति गर्ग ने कहा कि शरद मेला धौलपुर की संस्कृति, परंपरा और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ा आयोजन है। मेले की रौनक बढ़ाने में व्यापारियों की अहम भूमिका रहती है। पिछले वर्षों में मेले के ठेके पर आयोजित होने के दौरान व्यापारियों को किराये और व्यवस्थाओं से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ऐसे में इस बार नगर परिषद का प्रयास है कि मेले की व्यवस्था बेहतर हो और व्यापारियों को उचित दरों पर दुकानें उपलब्ध कराई जाएं। दुकान आवंटन में पारदर्शिता के साथ साफ. सफाई, रोशनी, पेयजल और सुरक्षा जैसी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।

बेहतर सजावट करने वालों को मिलेगा सम्मान

बैठक में दीपावली के त्योहार पर शहर के बाजारों और दुकानों की सजावट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। सभापति ने व्यापारियों से अपनी दुकानों और बाजारों को आकर्षक ढंग से सजाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे स्वयं आयुक्त परमार और नगर परिषद की टीम के साथ सजावट का निरीक्षण करेंगे। बेहतर सजावट करने वाले दुकानदारों और बाजारों को शरद मेले के मंच पर सम्मानित कर प्रमाण पत्र दिया जाएगा। सभापति ने ऐतिहासिक परंपरा का उल्लेख करते हुए बताया कि पूर्व में महाराजा उदयभान सिंह दशहरे के दिन मेले का निरीक्षण करते थे और अच्छी सजावट करने वाले दुकानदारों को पुरस्कृत किया जाता था। इसी परंपरा से प्रेरणा लेकर व्यापारियों को प्रोत्साहित करने की पहल की जा रही है।

अतिक्रमण हटाने और यूडी टैक्स जमा कराने की अपील

बैठक में शहर के बाजारों में अतिक्रमण, रास्तों को चौड़ा करने और स्वच्छता व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। सभापति ने व्यापारियों से प्रतिष्ठानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने और जहां अतिक्रमण है, उसे हटाने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही नगर परिषद का बकाया यूडी टैक्स जमा कराने का आग्रह किया। कहा कि शहर को सुंदरए स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर परिषद के साथ व्यापारियों का सहयोग भी जरूरी है।

Updated on:
15 Oct 2026 06:14 pm
Published on:
15 Oct 2026 06:14 pm