
Khesarilal Yadav: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और अब राजनीति की दुनिया में कदम रख चुके खेसारी लाल यादव इन दिनों खूब चर्चा में हैं। पर्दे पर धमाल मचाने वाले खेसारी की असल जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। लोग उन्हें सुपरस्टार के रूप में जानते हैं, लेकिन बहुत कम लोगों को पता है कि उनका असली नाम शत्रुघ्न कुमार यादव है। एक साधारण परिवार में जन्मे खेसारी आज करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं और अब विधानसभा चुनाव में भी किस्मत आजमा रहे हैं। चलिए जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़ी खास बातें।
खेसारी लाल यादव का जन्म 15 मार्च 1986 को बिहार के छपरा में हुआ था। परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर था। उनके पिता मंगरू यादव सुबह सड़क पर चना बेचते थे और रात में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। कमाई इतनी कम थी कि गुजारा करना मुश्किल हो जाता था। पिता दिल्ली में रहते थे और खेसारी अपने छह भाई-बहनों के साथ छपरा में ही पल-बढ़ रहे थे। बाद में उनकी मां भी दिल्ली चली गईं और खेसारी बच्चों और चाचा के साथ गांव में रहने लगे।
खेसारी शुरू से पढ़ाई में खास रुचि नहीं रखते थे। उन्होंने छपरा के सरकारी स्कूल से 10वीं तक पढ़ाई की और इसके बाद स्कूल छोड़ने का फैसला कर लिया। परिवार की हालत ऐसी थी कि उन्हें कम उम्र में ही घर की जिम्मेदारी उठानी पड़ी। बचपन में वह गाय-भैंस चराते थे और दूध बेचकर घर चलाने में मदद करते थे।
90 के दशक के आखिरी सालों में खेसारी ने मंचों पर एक्टिंग करना शुरू किया। वह भोजपुरिया थिएटर में 'रामायण' और 'महाभारत' जैसे धार्मिक कार्यक्रमों में गाया करते थे। इसी दौरान उन्होंने बिहार और पूर्वांचल की मशहूर लोक शैली लौंडा नाच भी सीखा। धीरे-धीरे उनकी आवाज लोगों तक पहुंची और वह लोकगायक के रूप में लोकप्रिय होने लगे।
गायकी में पहचान बनने के बाद खेसारी अपना करियर आगे बढ़ाने मुंबई पहुंचे। साल 2012 में उन्होंने 'सजन चले ससुराल' फिल्म से अभिनय की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। आज खेसारी 100 से ज्यादा भोजपुरी और बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुके हैं और 5000 से अधिक गाने रिकॉर्ड कर चुके हैं। भोजपुरी सिनेमा में उनकी लोकप्रियता इतनी है कि उनके गाने रिलीज होते ही वायरल होने लगते हैं।
खेसारी लाल यादव के म्यूजिक करियर में तीन कंपनियों की अहम भूमिका रही है। शुरुआत में उनका ज्यादातर कंटेंट ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन के साथ रिलीज होता था, जिसके साथ उनकी 200 गानों की डील चर्चा में रही। इसके बाद उन्होंने अपना खुद का लेबल खेसारी म्यूजिक वर्ल्ड शुरू किया जो अब उनके नए गानों का मुख्य प्लेटफॉर्म बन गया है। वहीं उनके शेड्यूल और पेशेवर कामकाज को संभालने का काम भोजपुरी सेलेब्रेटी मैनेजमेंट देखता है।
2025 में खेसारी ने बड़ा कदम उठाते हुए राजनीति में एंट्री की है। अक्टूबर 2025 में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने उन्हें छपरा विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया। नामांकन करते समय उन्होंने कहा, ''मेरा दिल हमेशा से RJD के साथ रहा है। मैं मिट्टी से आया हूं और अपनी मिट्टी के लोगों के लिए हमेशा खड़ा रहूंगा।''
चुनाव में उनका मुकाबला BJP उम्मीदवार छोटी कुमारी से है और सीट पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
एक समय दूध बेचने वाले खेसारी आज करोड़ों के मालिक हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके पास 24.81 करोड़ रुपये की संपत्ति है। भोजपुरी सिनेमा में खेसारी की लोकप्रियता और लगातार मिलती सफलता ने उन्हें इंडस्ट्री के सबसे सफल कलाकारों की सूची में शामिल कर दिया है।