मनोरंजन

दिशा सालियान केस में CBI जांच के आदेश से जगी उम्मीद, सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने किया पोस्ट, बोलीं- ‘दिलों में उम्मीद जगी’

Bombay High Court Disha Salian: दिशा सालियान केस में CBI जांच के निर्देश के बाद सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से SSRians में उम्मीद जगी है।
2 min read
Sep 04, 2026
Shweta Singh Kirti
दिशा सालियान केस में CBI जांच के आदेश से जगी उम्मीद (सोर्स: x-Instagram-ANI/shwetasinghkirti)

Disha Salian CBI Investigation: सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने दिशा सालियान मौत मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट के हालिया आदेश पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर कहा कि केस में हुई हालिया कार्रवाई ने उन लोगों के बीच उम्मीद जगाई है, जो लंबे समय से सच सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

श्वेता ने कहा- ‘सच कभी हार नहीं सकता’

3 सितंबर को शेयर किए गए वीडियो में श्वेता ने बॉम्बे हाई कोर्ट की कार्रवाई का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दिशा सालियान के वकील की कही बातों और केस में हालिया डेवलपमेंट ने उनके दिल में उम्मीद जगाई है।

श्वेता ने लिखा, “सच को दबाया जा सकता है, लेकिन वह कभी हार नहीं सकता। दिशा के वकील की कही ये बातें हमारे दिलों में उम्मीद जगा रही हैं। दिशा के केस को लेकर बॉम्बे HC में हाल के डेवलपमेंट और CBI जांच ने सभी SSR लोगों को भी उम्मीद दी है।” श्वेता लंबे समय से अपने भाई सुशांत सिंह राजपूत की मौत की CBI जांच की मांग करती रही हैं। उन्होंने दिशा सालियान केस में हुई कार्रवाई को सुशांत की मौत के मामले में न्याय की अपनी उम्मीद से भी जोड़ा।

जन्माष्टमी पर कृष्ण से की प्रार्थना

श्वेता ने अपने पोस्ट में जन्माष्टमी का भी जिक्र किया। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण से सच सामने आने और सही मार्गदर्शन मिलने की प्रार्थना की। उन्होंने लिखा, “मैं इस जन्माष्टमी के दिन श्री कृष्ण से प्रार्थना कर रही हूं कि वे हमारे गाइड बनें और सच सामने आए। सत्यमेव जयते। जय श्री कृष्ण!”

बॉम्बे HC ने CBI को दिए जांच के निर्देश

बॉम्बे हाई कोर्ट ने 2 सितंबर को दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान की याचिका पर सुनवाई करते हुए CBI को दिशा की मौत की जांच से जुड़े निर्देश दिए। कोर्ट ने CBI को FIR दर्ज करने, जांच अधिकारी नियुक्त करने और दिशा की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करने को कहा। इसके साथ ही जांच के दौरान उनके पिता का बयान दर्ज करने का भी निर्देश दिया गया।

हालांकि, कोर्ट ने यह स्पष्ट किया कि जांच के दौरान सामने आने वाले सबूतों के आधार पर ही यह तय होगा कि किसी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई के लिए पर्याप्त आधार है या नहीं। कोर्ट के आदेश का मतलब यह नहीं है कि जिन लोगों का नाम कार्रवाई के संदर्भ में सामने आया है, उन्होंने कोई अपराध किया है।

8 जून 2020 को हुई थी दिशा सालियान की मौत

दिशा सालियान ने कुछ समय तक सेलिब्रिटी मैनेजर के तौर पर काम किया था। 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक ऊंची इमारत से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी। इसके छह दिन बाद, 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित घर में मृत पाए गए थे। मुंबई पुलिस ने दिशा की मौत को पहले आत्महत्या या दुर्घटनावश हुई मौत के तौर पर देखा था और कहा था कि दिशा और सुशांत की मौत के बीच कोई पुख्ता संबंध सामने नहीं आया है।

इसके बाद दिशा के पिता सतीश सालियान ने बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया। उन्होंने जांच में गंभीर कमियों का आरोप लगाते हुए नए सिरे से जांच की मांग की थी। उन्होंने अपनी बेटी के यौन उत्पीड़न और हत्या का भी आरोप लगाया था। ये आरोप जांच के दायरे में हैं और कोर्ट ने इन्हें तथ्य के तौर पर साबित नहीं किया है।

Updated on:
04 Sept 2026 05:55 pm
Published on:
04 Sept 2026 05:51 pm