
Kuku Kohli Funeral: फिल्ममेकर और 'फूल और कांटे' फेम कुकू कोहली के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। 25 अगस्त को 77 साल की उम्र में मुंबई में उनका निधन हो गया। उनकी पत्नी और दिग्गज एक्ट्रेस अरुणा ईरानी ने उनके निधन की पुष्टि की थी। 26 अगस्त को मुंबई के अंधेरी स्थित श्मशान घाट में कुकू कोहली का अंतिम संस्कार किया गया, जहां अरुणा ईरानी बेहद भावुक और दुखी नजर आईं।
अरुणा ईरानी को परिवार के सदस्य संभालकर अंतिम संस्कार स्थल तक ले जाते दिखे, क्योंकि रो-रो कर अरुणा ईरानी की हालत काफी बुरी हो गई है। पति को अंतिम विदाई देते वक्त उनके चेहरे पर गहरा दुख साफ नजर आया। इस दौरान फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे भी कुकू कोहली को अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
कुकू कोहली के अंतिम दर्शन के लिए विक्की कौशल, कैटरीना कैफ, रोहित शेट्टी और शाम कौशल समेत कई सेलेब्स पहुंचे। अभिनेता रजा मुराद और दीपक पाराशर भी अंतिम संस्कार में नजर आए।
कुकू कोहली हिंदी सिनेमा के उन फिल्ममेकर्स में शामिल थे, जिन्होंने 1990 के दशक में कई लोकप्रिय कमर्शियल फिल्में दीं। उन्हें खास तौर पर 'फूल और कांटे' के लिए याद किया जाता है, जिसने अजय देवगन को बतौर लीड एक्टर हिंदी सिनेमा में लॉन्च किया था।
कुकू कोहली ने 'फूल और कांटे' के अलावा 'सुहाग', 'हकीकत', 'जुल्मी', 'अनाड़ी नंबर 1' और 'ये दिल आशिकाना' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया था। उनकी आखिरी निर्देशित फिल्म 'वो तेरा नाम था' थी, जो 2004 में रिलीज हुई थी।
कुकू कोहली ने 1990 में एक्ट्रेस अरुणा ईरानी से शादी की थी। यह उनकी दूसरी शादी थी। उनकी पहली शादी रीटा कोहली से हुई थी, जिससे उनकी दो बेटियां पूजा और करिश्मा हैं।
कुकू कोहली की मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें कुछ दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था और हार्ट में ब्लॉकेज के बाद स्टेंट लगाया गया था। इसके बाद उनकी हालत ठीक लग रही थी, लेकिन 25 अगस्त की शाम करीब 5:15 बजे उन्हें अचानक बड़ा कार्डियक अरेस्ट आया। उस वक्त वह अरुणा ईरानी से फोन पर बात और मैसेज कर रहे थे। कुछ देर बाद उन्होंने रिस्पॉन्ड करना बंद कर दिया।