गोंडा जिले के अयोध्या हाईवे पर हादसे में एक निजी कंपनी के मैनेजर की मौत हो गई। दुर्घटना उस समय हुई। जब उनके बाइक में पेट्रोल खत्म हो गया। और वह सड़क पर पैदल लेकर चल रहे थे।
गोंडा-अयोध्या मार्ग पर बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक निजी कंपनी में काम करने वाले युवक की मौत हो गई। पेट्रोल खत्म होने के बाद वह अपने छोटे भाई के साथ बाइक पैदल लेकर पेट्रोल पंप की तरफ जा रहा था। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। पत्नी-बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। लौवावीरपुर मजरे सिंगरायपुरवा गांव के रहने वाले 27 वर्षीय वीरेंद्र यादव अयोध्या की एक निजी पार्किंग कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम करते थे। रोज की तरह बुधवार रात भी वह ड्यूटी खत्म कर अपने छोटे भाई इंद्रदेव के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में गोंडा-अयोध्या मार्ग पर उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। देर रात होने के कारण दोनों भाई बाइक को पैदल धक्का देकर पास के पेट्रोल पंप तक ले जाने लगे। इंद्रदेव बाइक संभाल रहा था। जबकि वीरेंद्र पीछे से धक्का लगा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े। हादसे में वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वीरेंद्र पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी शादी वर्ष 2017 में कौशल्या उर्फ पूजा के साथ हुई थी। उनके दो छोटे बेटे आयुष और पीयूष हैं। पति की मौत के बाद पत्नी बेसुध है। जबकि बच्चों को अब भी समझ नहीं आ रहा कि उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है। मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।