
Guna Accident: मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक दर्दनाक घटना ने दो परिवारों की खुशियां एक झटके में छीन ली। रक्षाबंधन से बस पांच दिन पहले एक भाई ने अपनी बहन को हमेशा के लिए खो दिया। भाई घर के दरवाजे पर बहन के आने का इंतजार करता रहा, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही ऐसी खबर आई, जिसने पूरे परिवार को गम में डुबो दिया। मामला गुना जिले की सीमा के पास का है।
भाई की कलाई पर राखी बांधने और उससे मिलने की खुशी लेकर घर से निकली 71 वर्षीय श्रीबाई यादव का सफर रास्ते में ही खत्म हो गया। नाती कान्हा के साथ बाइक पर सवार होकर भाई के घर जा रही श्रीबाई की जिले की सीमा के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार जीप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में नाती कान्हा भी घायल हो गया। घटना की खबर घर पहुंची तो रक्षाबंधन की तैयारियां मातम में बदल गई।
आरोन क्षेत्र के बरखेड़ा सफा निवासी श्रीबाई यादव रक्षाबंधन के मौके पर अपने भाई से मिलने के लिए रविवार दोपहर नाती कान्हा के साथ बाइक से बदरवास क्षेत्र के यजबारे गांव के लिए निकली थीं। भाई के घर पहुंचकर राखी बांधने की खुशी थी। लेकिन रास्ते में जिले सीमा से निकलते ही तेज रफ्तार जीप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद श्रीबाई यादव को मृत घोषित कर दिया। घायल कान्हा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिस दिन भाई-बहन के रिश्ते की खुशियां मनाई जानी थीं, उसी दिन एक भाई अपनी बहन का इंतजार करता रह गया। श्रीबाई भाई से मिलने और राखी बांधने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उन्हें हमेशा के लिए परिवार से छीन लिया। रक्षा बंधन के दिन महिला अपने भाई को राखी बांधती, लेकिन इस घटना ने खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल दी परिवार सदमे में आ गया। पुलिस ने जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।