19 साल पहले भी गयी थी तीन जानें अब दो को और मार गिराया, इस परिवार को खा गई जमीन
भिण्ड। आठ माह पूर्व हुई एक युवक की हत्या के मामले में न्यायालय में पेश होने के बाद ऑटो में सवार होकर घर लौट रहे चार लोगों को पर कुछ लोगों ने सरे राह गोलियां बरसा दीं। वारदात देहात थाना क्षेत्र के बायपास मार्ग पर भारौली तिराहे के निकट शाम करीब 5:30 बजे की है। हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार फोसू उर्फ राधे शर्मा पुत्र जयनारायण शर्मा निवासी ग्राम विरगवां पावई हाल अटेर रोड भिण्ड सोमवार शाम आठ माह पूर्व हुई विकास तिवारी की हत्या के मामले में भिण्ड न्यायालय में पेश होने के उपरांत सोमवार की अपने अन्य परिजन अनिल पुत्र रामशरण शर्मा, हरिकृष्ण शर्मा, रामशरण शर्मा के साथ ऑटो से घर के लिए रवाना हुए थे। ऑटो में उनके साथ चालक के अलावा अन्य दो लोग और सवार थे। जैसे ही ऑटो भारौली तिराहे के पास पहुंचा तभी कीरतपुरा मोड़ के निकट पीछे से दो बाइक पर सवार होकर आए चार सशस्त्र हमलावरों ने ऑटो सवार चारों लोगों पर बंदूकों से गोलियां दाग दीं। वारदात के दौरान ऑटो चालक तथा दो अन्य सवार लोग जान बचाकर भाग गए जबकि अनिल शर्मा एवं राधे उर्फ फोसू के सिर में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि 19 साल पुरानी दुश्मनी के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है।
बाइक फंस जाने पर हड़बड़ाकर भागे हमलावर
गोली लगने से घायल हरिकृष्ण शर्मा ने बताया कि यदि उनकी बाइक नहीं फंसती तो वे उसे और उनके चाचा हरिकृष्ण शर्मा को भी मौके पर ही मार देने का प्रयास करते। हालांकि वे एक-एक गोली दोनों लोगों को मार चुके थे। हरिकृष्ण के पैर में गोली लगी है जबकि रामशरण शर्मा के सीने में।
दो कट्टे और एक बंदूक के साथ आए थे हमलावर
घायल हरिकृष्ण शर्मा के मुताबिक अशोक शर्मा, डब्बू उर्फ दीपक शर्मा पुत्र मुरारी शर्मा के अलावा दो अन्य लोग थे जिनके पास एक बंदूक तथा दो कट्टे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद एक बाइक पर चार लोग सवार होकर भाग गए जबकि दूसरी बाइक को कीचड़ में ही फंसा छोड़ गए।
आरोपियों ने पीछे बाइक दौड़ाकर मारी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो अनिल शर्मा को ऑटो के अंदर ही गोली मार दी थी ऐसे में वह फोसू उर्फ राधे शर्मा ने उतरकर बस्ती की ओर भागने का प्रयास किया तो हमलावरों ने एक बाइक उसके पीछे लगा दी और गोली मार दी। हालांकि उनकी बाइक कीचड़ में फंस जाने के कारण वे मौके पर ही बाइक छोड़कर फरार हो गए।
1999 में मृतक पक्ष के तीन लोगों की हुई थी हत्या
जमीनी विवाद में 1999 में आरोपी पक्ष के लोगों ने मृतक पक्ष के माताप्रसाद उर्फ दशरथ शर्मा, तेजराम शर्मा तथा तेजराम के बेटे हरेंद्र शर्मा की गोली मारकर हत्या की थी। इसीके चलते मृतक पक्ष ने नवंबर 2017 में आरोपी पक्ष के विकास तिवारी की अटेर रोड इलाके में मिट्टी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर जाते समय गोली मारकर हत्या की थी।
इंसाफ मांगने एसपी के वाहन के आगे लेट गई महिला
घटना की सूचना पर जब एसपी रूडोल्फ अल्वारेस पीएम हाउस पहुंचे तो मृतक पक्ष की एक महिला उनके वाहन के आगे लेट गई। महिला ने कहा कि अब उसके परिवार में कोई नहीं बचा है। दुश्मनों ने परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी। मुझे इंसाफ चाहिए। एसपी ने उचित कार्यवाही का आश्वासन देकर महिला को उठाया।
एक दर्जन सदस्यी टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया है। हमलावरों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
रूडोल्फ अल्वारेस, एसपी भिण्ड