स्वास्थ्य

महिलाओं में Cellulite पुरुषों से ज्यादा क्यों दिखता है? Cleveland Clinic से जानें कारण और कम करने के तरीके 

Cellulite: महिलाओं में सेल्युलाईट पुरुषों की तुलना में ज्यादा क्यों दिखाई देता है? आइए क्लीवलैंड क्लिनिक और मायो क्लिनिक के अनुसार जानते हैं कि सेल्युलाईट क्या होता है, इसके कारण क्या हैं।
2 min read
Sep 02, 2026
Cellulite
Cellulite क्यों होता है (representative image) image credit freepik

Cellulite Causes: कई महिलाओं की जांघों, हिप्स, पेट या कूल्हों की त्वचा पर छोटे छोटे गड्ढे या उभरी हुई त्वचा नजर आती है। त्वचा का यह ऊबड़ खाबड़ या डिंपल जैसा दिखना सेल्युलाईट (Cellulite) कहा जाता है। महिलाओं में सेल्युलाईट पुरुषों की तुलना में ज्यादा देखने को मिलता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि यह क्यों होता है और इसे कम करने के लिए क्या किया जा सकता है।

सेल्युलाईट क्या होता है?

त्वचा के नीचे फैट की एक लेयर होती है। इसके नीचे कुछ मजबूत टिश्यू होते हैं, जो त्वचा को अंदर की मांसपेशियों से जोड़कर रखते हैं। जब नीचे का फैट ऊपर की तरफ दबाव डालता है और ये टिश्यू त्वचा को नीचे की तरफ खींचते हैं, तो त्वचा की सतह पर छोटे छोटे गड्ढे और उभार दिखने लगते हैं। इसी को सेल्युलाईट कहा जाता है। क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार सेल्युलाईट जांघों, पेट और कूल्हों के आसपास दिखाई दे सकता है।

महिलाओं में सेल्युलाईट ज्यादा क्यों दिखता है?

सेल्युलाईट पुरुषों को भी हो सकता है, लेकिन महिलाओं में यह काफी ज्यादा देखने को मिलता है। इसका एक कारण महिलाओं और पुरुषों की त्वचा के नीचे मौजूद टिश्यू की बनावट में अंतर माना जाता है। क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार पुरुषों में त्वचा को अंदर की मांसपेशियों से जोड़ने वाले फाइबर एक दूसरे को क्रॉस करते हुए होते हैं। वहीं महिलाओं में ये फाइबर ज्यादा समानांतर तरीके से होते हैं। इस वजह से महिलाओं में नीचे मौजूद फैट का दबाव त्वचा पर ज्यादा आसानी से नजर आ सकता है।

क्या पुरुषों को सेल्युलाईट नहीं होता?

पुरुषों में भी सेल्युलाईट हो सकता है, लेकिन महिलाओं की तुलना में कम दिखाई देता है। क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार युवावस्था के बाद करीब 80 से 90 प्रतिशत महिलाओं में किसी न किसी स्तर पर सेल्युलाईट देखा जा सकता है, जबकि पुरुषों में यह 10 प्रतिशत से कम लोगों में पाया जाता है।

क्या सिर्फ ज्यादा वजन होने पर सेल्युलाईट होता है?

सेल्युलाईट सिर्फ ज्यादा वजन वाले लोगों में नहीं होता। दुबले और फिट लोगों में भी यह दिखाई दे सकता है। हालांकि वजन बढ़ने पर सेल्युलाईट ज्यादा साफ नजर आ सकता है। मायो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार उम्र बढ़ने पर त्वचा की लचक कम होने से भी सेल्युलाईट ज्यादा दिखाई दे सकता है। इसके अलावा शरीर में फैट की मात्रा, फैट के जमा होने का तरीका और आनुवंशिक कारण भी इसमें भूमिका निभा सकते हैं।

क्या सेल्युलाईट को कम किया जा सकता है?

सेल्युलाईट को कम करने के लिए क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार नियमित व्यायाम करना चाहिए। ऐसा करने से मांसपेशियां मजबूत होती हैं और इससे सेल्युलाईट कम दिखाई दे सकता है।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प नहीं है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Updated on:
02 Sept 2026 04:46 pm
Published on:
02 Sept 2026 04:17 pm