स्वास्थ्य

Molluscum Contagiosum: त्वचा पर दाने निकल रहे हैं? हो सकता है मोलस्कम कॉन्टेजियोसम, जानें कैसे फैलता है ये इंफेक्शन

Molluscum Contagiosum: मोलस्कम कॉन्टेजियोसम कैसे होता है और इससे होने के बाद किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। आइए जानते हैं। रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र और राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान के अनुसार इसके लक्षण, फैलने के तरीके, इलाज और बचाव के बारे में।
2 min read
Aug 18, 2026
Molluscum Contagiosum, Molluscum Contagiosum Treatment
Molluscum Contagiosum क्यों होता है? image credit iStock

Molluscum Contagiosum Symptoms: मोलस्कम कॉन्टेजियोसम एक तरह का वायरल इंफेक्शन है, जिसमें त्वचा पर छोटे-छोटे उभरे हुए दाने निकल आते हैं। ये दाने आमतौर पर स्किन के रंग के, गुलाबी या सफेद हो सकते हैं। यह इंफेक्शन बच्चों में ज्यादा देखा जाता है, लेकिन बड़े लोगों को भी हो सकता है। संक्रमित स्किन के सीधे संपर्क या संक्रमित व्यक्ति की कुछ चीजों के इस्तेमाल से यह फैल सकता है। आइए जानते हैं मोलस्कम कॉन्टेजियोसम क्या है, इसके लक्षण क्या होते हैं और इससे बचने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

मोलस्कम कॉन्टेजियोसम क्या है?

मोलस्कम कॉन्टेजियोसम वायरल स्किन इंफेक्शन है, जो मोलस्कम कॉन्टेजियोसम वायरस की वजह से होता है। रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (Centers for Disease Control and Prevention) के मुताबिक, इसमें स्किन पर छोटे और उभरे हुए दाने निकलते हैं। ये दाने शरीर के अलग अलग हिस्सों पर हो सकते हैं। कुछ लोगों को इन दानों के आसपास खुजली, लालिमा या जलन भी हो सकती है। दानों को बार बार खुजलाने या रगड़ने से इंफेक्शन शरीर के दूसरे हिस्सों में भी फैल सकता है।

कैसे फैलता है यह इंफेक्शन?

मोलस्कम कॉन्टेजियोसम संक्रमित व्यक्ति की स्किन के सीधे संपर्क में आने से फैल सकता है। इसके अलावा संक्रमित व्यक्ति के तौलिये, कपड़े या दूसरी निजी चीजों के इस्तेमाल से भी इंफेक्शन फैलने का खतरा रहता है। अगर कोई व्यक्ति दानों को छूने या खुजलाने के बाद शरीर के दूसरे हिस्से को छूता है, तो वहां भी इंफेक्शन फैल सकता है। निजी चीजें शेयर करने से बचना और संक्रमित दानों को छूने से बचना जरूरी है।

क्या यह अपने आप ठीक हो सकता है?

रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (CDC) के मुताबिक, स्वस्थ लोगों में यह इंफेक्शन कई बार बिना इलाज के भी समय के साथ ठीक हो जाता है। हालांकि, कुछ लोगों में दाने लंबे समय तक रह सकते हैं। ऐसे में डॉक्टर जरूरत के हिसाब से इलाज की सलाह दे सकते हैं।

दानों को फोड़ना या दबाना क्यों नहीं चाहिए?

अगर स्किन पर ऐसे दाने दिखाई दें तो उन्हें खुद से फोड़ने, दबाने या काटकर हटाने की कोशिश न करें। ऐसा करने से वायरस स्किन के दूसरे हिस्सों में फैल सकता है। दानों को बार बार खुजलाने से वहां दूसरा इंफेक्शन होने का खतरा भी बढ़ सकता है। इसलिए दानों को छेड़ने से बचना चाहिए।

किन लोगों को ज्यादा खतरा हो सकता है?

राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान (NIH) के अनुसार, मोलस्कम कॉन्टेजियोसम किसी को भी हो सकता है, लेकिन बच्चों में यह इंफेक्शन ज्यादा देखा जाता है। कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों में यह ज्यादा समय तक रह सकता है या ज्यादा गंभीर हो सकता है।

बचाव के लिए क्या करें?

इस इंफेक्शन से बचने के लिए संक्रमित व्यक्ति के तौलिये, कपड़े और दूसरी निजी चीजों का इस्तेमाल न करें। अगर शरीर पर दाने हैं तो उन्हें ढककर रखना मददगार हो सकता है। हाथों को अच्छी तरह धोएं और दानों को बार बार छूने या खुजलाने से बचें।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Updated on:
18 Aug 2026 05:06 pm
Published on:
18 Aug 2026 05:06 pm