स्वास्थ्य

बार बार शरीर पर लाल चकत्ते और खुजली, कहीं Urticaria तो नहीं? Mayo Clinic से जानें इसके कारण

Hives Symptoms: पित्ती क्यों होती है और इसके लक्षण क्या हैं? मेयो क्लिनिक और क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार जानें इसके कारण और बचाव के तरीके।
3 min read
Sep 05, 2026
Hives Treatment, Hives Prevention
Hives क्यों होती है? (representative image) image credit Magnific

Hives Causes: कई बार त्वचा पर अचानक उभरे हुए लाल या त्वचा के रंग के चकत्ते दिखाई देने लगते हैं। इनके साथ हल्की से लेकर तेज खुजली भी हो सकती है। त्वचा पर इस तरह के चकत्तों को पित्ती (Hives या Urticaria) कहा जाता है। यह समस्या बच्चों और बड़ों दोनों को हो सकती है। ज्यादातर मामलों में पित्ती कुछ समय के लिए होती है और अपने आप ठीक हो जाती है, लेकिन कुछ लोगों में यह लंबे समय तक या बार बार भी हो सकती है। आइए जानते हैं यह क्यों होती है और इससे बचने के लिए क्या करना चाहिए।

पित्ती क्या होती है

मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, पित्ती त्वचा पर होने वाली एक प्रतिक्रिया है, जिसमें खुजली वाले उभरे हुए चकत्ते बनते हैं। इनका आकार छोटे धब्बों से लेकर बड़े चकत्तों तक हो सकता है। ये चकत्ते शरीर के किसी भी हिस्से पर दिखाई दे सकते हैं। वहीं क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, पित्ती में त्वचा पर उभरे हुए दाने या चकत्ते दिखाई देते हैं। इनका रंग लाल या त्वचा के रंग जैसा हो सकता है। कई बार पित्ती के साथ त्वचा की अंदरूनी परत में सूजन भी हो सकती है, जिसे एंजियोएडेमा कहा जाता है।

पित्ती के लक्षण क्या हैं

पित्ती में दिखाई देने वाले चकत्तों की कुछ खास विशेषताएं होती हैं-

  • इनमें हल्की से तेज खुजली हो सकती है
  • चकत्ते गोल, अंडाकार या अलग अलग आकार के हो सकते हैं
  • इनका आकार बहुत छोटा होने से लेकर काफी बड़ा हो सकता है
  • चकत्ते शरीर के अलग अलग हिस्सों में दिखाई दे सकते हैं और अपनी जगह बदल सकते हैं
  • एक जगह पर बने चकत्ते आमतौर पर 24 घंटे से ज्यादा नहीं रहते
  • चकत्ते ठीक होने के बाद आमतौर पर त्वचा पर कोई निशान नहीं छोड़ते

पित्ती कितने समय तक रहती है

अचानक होने वाली पित्ती (Acute Hives) अक्सर जल्दी दिखाई देती है और ज्यादातर मामलों में 24 घंटे के अंदर एक जगह से गायब हो जाती है। हालांकि, शरीर के दूसरे हिस्से में नए चकत्ते दिखाई दे सकते हैं। अगर पित्ती छह सप्ताह से ज्यादा समय तक बनी रहती है तो इसे (Chronic Hives) पुरानी या लंबे समय तक रहने वाली पित्ती कहा जाता है। ऐसी पित्ती कई महीनों या वर्षों तक भी रह सकती है।

पित्ती क्यों होती है

पित्ती होने का सही कारण हर व्यक्ति में पता चलना जरूरी नहीं है। कई बार यह बिना किसी स्पष्ट कारण के भी हो सकती है। हालांकि, कुछ चीजें पित्ती को ट्रिगर कर सकती हैं। इनमें कुछ खाद्य पदार्थ, दवाएं, संक्रमण, तनाव, गर्म या ठंडा तापमान और त्वचा पर दबाव शामिल हैं। परागकण जैसे हवा में मौजूद एलर्जेन और कीड़े के काटने या डंक से भी कुछ लोगों में पित्ती हो सकती है। इसके अलावा कुछ लोगों में किसी चीज से एलर्जी होने के तुरंत बाद पित्ती दिखाई दे सकती है। जैसे किसी ऐसे खाद्य पदार्थ को खाने के बाद जिससे व्यक्ति को एलर्जी हो। ऐसी स्थिति में सांस लेने में परेशानी, उल्टी या चक्कर जैसे दूसरे लक्षण भी हो सकते हैं।

किन लोगों को पित्ती होने का खतरा ज्यादा हो सकता है

अगर किसी व्यक्ति को पहले पित्ती या एंजियोएडेमा हो चुका है तो दोबारा होने का खतरा हो सकता है। इसके अलावा, जिन लोगों को पहले से एलर्जी की समस्या है, उनमें भी पित्ती होने की संभावना बढ़ सकती है। परिवार में पित्ती, एंजियोएडेमा या Hereditary Angioedema का इतिहास भी एक जोखिम कारक हो सकता है। क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, एलर्जी, अस्थमा या एक्जिमा जैसी समस्याओं वाले लोगों में भी पित्ती होने की संभावना अधिक हो सकती है।

पित्ती के साथ एंजियोएडेमा क्या है

पित्ती के साथ कुछ लोगों को Angioedema की समस्या भी हो सकती है। इसमें त्वचा की अंदरूनी परतों में सूजन आती है। यह सूजन खासतौर पर आंखों, गालों और होंठों के आसपास दिखाई दे सकती है। कई बार एंजियोएडेमा पित्ती के बिना भी हो सकता है।

पित्ती से बचाव कैसे करें

अगर पित्ती का कोई खास कारण या ट्रिगर पता चल जाए तो उससे बचने की कोशिश करनी चाहिए। इसके अलावा अगर परागकण या जानवरों के संपर्क से पित्ती होती है तो संपर्क के बाद नहाना और कपड़े बदलना मददगार हो सकता है। बहुत ज्यादा गर्म या ठंडे तापमान से बचना, तनाव को नियंत्रित करना और ढीले तथा हल्के कपड़े पहनना भी मदद कर सकता है।

डॉक्टर को कब दिखाएं

हल्की पित्ती कई बार बिना इलाज के ठीक हो जाती है। लेकिन अगर पित्ती कुछ दिनों तक बनी रहती है, बार बार होती है या खुजली बहुत ज्यादा है तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। इसके अलावा, अगर पित्ती के साथ चेहरे, होंठ, जीभ या गले में सूजन, सांस लेने में परेशानी, घरघराहट, चक्कर, कमजोरी या उल्टी जैसे लक्षण दिखाई दें तो यह गंभीर एलर्जिक रिएक्शन (Anaphylaxis) का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत इमरजेंसी मेडिकल मदद लेनी चाहिए।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प नहीं है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Updated on:
05 Sept 2026 05:10 pm
Published on:
05 Sept 2026 05:03 pm