इंदौर

अमेरिकी ससुर ने इंदौर में की बहू की शिकायत

संपत्ति पर कब्जा करने के लिए बहू पर लगाया पीटने का आरोप, बुजुर्ग ने अधिकारियों को दिए सीसीटीवी कैमरों के वीडियो।

2 min read
Nov 10, 2021

इंदौर. शहर की संपत्ति पर कब्जा करने को लेकर बहू द्वारा अपने अमेरिकी ससुर को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। बहू द्वारा बुजुर्ग को पीटने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों को दिए सीसीटीवी कैमरों के वीडियो दिए गए है। बहू द्वारा प्रताड़ना का यह मामला प्रशासन की जनसुनवाई में सामने आया है।

इंदौर की गुलमर्ग कालोनी के बुजुर्ग तुलसीदास सेतपाल ने जनसुनवाई में अपनी बहू के खिलाफ शिकायत की है कि वह घर में होने वाले विवाद के चलते अक्सर बहू उनकी पिटाई करती है और यह मारपीट उनकी संपत्ति पर कब्जा करने को लेकर करती है। बुजुर्ग अमेरिका के स्थायी निवासी हैं। उन्होने 22 साल तक अमेरिका में काम किया और 2018 में उनको ग्रीन कार्ड मिला था। मंगलवार को जनसुनवाई में उन्होंने अपर कलेक्टर राजेश राठौर से शिकायत की है।

बुजुर्ग ने जनसुनवाई में कहा कि वह जनवरी में ही अपनी पत्नी के साथ अमेरिका जा रहा था, लेकिन दिसंबर 2020 में पत्नी की मौत हो गई। शहर की गुलमर्ग कालोनी में अब वह रह रहे हैं। यह घर भी उनका ही है। उनके साथ बहू जिया रहती है वह अब घर को हथियाना चाहती है। इसलिए उनके साथ मारपीट करती है। बुजुर्ग ने अपर कलेक्टर को घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी दिखाए हैं। वीडियो में घर में कचरा फैलाने सहित पिटाई के सीन भी दिखाई दे रहे हैं।

शिकायतकर्ता सेतपाल ने पुलिस और प्रशासन पर भी आरोप लगाया कि वह नौ महीने से परेशान है लगातार शिकायत कर रहे हैं पर अभीतक कार्रवाई नहीं हुई है। बुजुर्ग ने कहा कि यदि वह अमेरिका में होते तो तुरंत कार्यवाही हो जाती। अमेरिका में बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाता है। शिकायत के बाद अपर कलेक्टर ने तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए हैं अब इस मामले को एसडीएम विशाखा देशमुख देख रही हैं। एसडीएम ने कहा कि बुजुर्ग ने दिखाए गए वीडियो के आधार पर कार्रवाई से पहले बहू का पक्ष सुना जाएगा।

Published on:
10 Nov 2021 06:08 pm
Also Read
View All