कचरा समझकर बोरा उठाया तो हाथ में लगा खून, बोरा खोला तो हाथ-पैर बंधा शव मिला,शाम तक नहीं हुई शव की पहचान
इंदौर, एरोड्रम थाना क्षेत्र में स्कीम 155 में अंधे कत्ल का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद हमलावर ने लाश को बोरे में बंद कर फेंक दिया। सुबह कचरा उठाने पहुंचे निगमकर्मी ने बोरे में लाश देख पुलिस को सूचना दी थी। शाम होने तक पुलिस शव की पहचान नहीं कर सकी। हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस कई बिंदु पर जांच शुरू की है।
टीआइ संजय शुक्ला के मुताबिक आईडीए मल्टी के पास स्कीम 155 में सुबह करीब 7.30 बजे निगमकर्मी कचरा उठाने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने खाली प्लॉट में कचरे के साथ बोरी पड़ी देखी। उक्त बोरी को उठाते वक्त निगमकर्मी के हाथ लाल हो गए। बोरी भारी थी और उसका मुहाना रस्सी से बंधा था। संदेह के चलते कर्मचारी ने दरोगा को फोन कर बुलाया। दरोगा ने बोरी खोली तो उसमें हाथ-पैर बंधी अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली। निगम कर्मचारी से सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थे। घटनास्थल की एफएसएल जांच हुई। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मरने वाले की उम्र 45 वर्ष है। उसके गले पर चोट के निशान है। संभवत: व्यक्ति की किसी रस्सी या अन्य वस्तु से गला घोंटकर हत्या की गई है। हाथ-पैर चुनरी से बंधे है। वहीं सिर पर अंदरूनी चोट का अंदेशा है। जिस बोरे में लाश मिली उसमें कपड़े के कतरन भी मिली। घटनास्थल के समीप नंदबाग आता है। पास में आईडीए मल्टी भी है। संभवत: हमलावर ने हत्या के बाद शव को रात में खाली प्लॉट में ठिकाने लगाया है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं है। सभी थाने में गुम इंसान की सूचना के संबंध में जानकारी निकाली है। लेकिन अब तक शव की पहचान नहीं हुई। जांच के दौरान बोरे और उसके आसपास कपड़े की कतरन मिली है। नंदबाग क्षेत्र में कई जगहों पर कपड़े सिलाई कार्य होता है। संदेह है कि ऐसी किसी जगह हत्या हुई है जहां पर कपड़ा सिलाई का कार्य होता हो। इस संबंध में जांच जारी है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम के लिए शव को बरामद किया है।