इंदौर

दुबई, प्यार का झांसा और फिर न्यूड फोटो का खेल : किस तरह युवती ने किस्तों में दे दिए 30 लाख रुपए

मैट्रिमोनियल साइट पर झूठ बोलकर की गई धोखाधड़ी, जयपुर के शादीशुदा आरोपी पर केस दर्ज

2 min read
Jan 24, 2026

इंदौर. मैट्रिमोनियल साइट पर इंदौर की युवती को शादी का झांसा देकर 30 लाख की धोखाधड़ी में जोन 2 के एक थाने की पुलिस ने केस दर्ज किया है। जयपुर निवासी शादीशुदा आरोपी ने मैट्रिमोनियल साइट से पीडि़ता का नंबर निकाल संपर्क किया था। न्यूड फोटो मांगने के बाद वायरल करने की धमकी दी। अलग-अलग समस्या बताकर पैसे ऐंठने लगा। आरोपी की असलियत सामने आई तो वह पीडि़ता को जान से मारने की धमकी देने लगा।

टीआइ मनोज सिंह सेंधव ने बताया, युवती की शिकायत पर आरोपी राहुल उर्फ नितेश कुमार निवासी पार्क आंबेडकर चौक, जयपुर, राजस्थान के खिलाफ गुरुवार को धोखाधड़ी व अन्य धारा में केस दर्ज किया है। पीडि़ता ने पुलिस को बताया, घर के लोगों ने मैट्रिमोनियल साइट पर शादी के लिए आइडी बनाई थी। अगस्त 2020 में आरोपी ने साइट से नंबर निकाल वाट्सऐप पर संपर्क किया। आरोपी ने बताया कि पिता इनकम टैक्स ऑफिसर है, मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। भाई एमबीए छात्र तो बहन स्कूल में पढ़ाई करती है। चैट में उसने पिता दुबई में बिजनेस संभालने की बात बताई।

आरोपी बोला- दुबई में हूं, कुलदेवी के लिए चाहिए जेवर

आरोपी विश्वास अर्जित कर वीडियो कॉल करने लगा। वह न्यूड फोटो, वीडियो के लिए दबाव बनाने लगा। पीडि़ता ने उसे अपनी फोटो भेज दी। इसके बाद आरोपी ने फोटो को वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग की। बाद में उसने पिता को हार्ट समस्या, प्राॅपर्टी व्यापार में घाटा, भाई के एक्सीडेंट, बहन की पढ़ाई तो बाद में खुद के हार्ट के मरीज होने के नाम पर रुपए मांगे। पीडि़ता ने पैसे देकर मिलने की बात कही तो वह हर बार दुबई में होने का कहता रहा। उसने कहा कि वहां से लौटकर आएगा तो परिवार से मिलाएगा। बाद में उसने परिवार से मिलाने के पहले कुलदेवी की पूजा होने व जेवर चढ़ने की बात कही। इस पर पैसे की मांग कर कहने लगा कि बिना पूजा के वह नहीं मिल पाएगा।

पत्नी से अलग रह रहा हूं, तलाक लूंगा

पीडि़ता ने पुलिस को बताया, आरोपी ने कई बहाने बनाकर 30 लाख रुपए ले लिए। संदेह होने पर सोशल मीडिया पर आरोपी के संबंध में जानकारी निकाली तो सब फर्जी निकली। उसने अपना नाम व आधार कार्ड तक गलत बताया था। पता चला कि आरोपी शादीशुदा है। बाद में आरोपी कहने लगा कि वह पत्नी से अलग रहता है उससे तलाक की प्रक्रिया चल रही है। फिर पता चला कि आरोपी का एक बच्चा भी है।

आरोपी के घर तक पहुंच गई पीडि़ता

फरियादी ने आरोपी के परिजन से संपर्क किया तो असलियत सामने आई। इसके बाद आरोपी ने खुद के जेल होने की बात कही। पीडि़ता आरोपी के घर तक पहुंच गई। वहां पता चला कि आरोपी मुंबई में रहता है। उसकी पत्नी घर पर है। आरोपी के परिवार के सभी सदस्य वहां पहुंचे और आरोपी ने उनकी मदद से धमकाना शुरू कर दिया। पीडि़ता और उनके परिजन को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस आरोपी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Updated on:
25 Jan 2026 02:12 pm
Published on:
24 Jan 2026 08:36 pm
Also Read
View All

अगली खबर