प्रतिमाह 5 प्रतिशत लाभ दिलाने का लालच देता
इंदौर, शेयर बाजार में मुनाफा दिलाने के बहाने बेरोजगार से ठगी करने वाले को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी लंबे समय से लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रहा था। परेशान लोगों ने थाने में सूचना देकर बताया कि वह एक साल में दोगुना पैसा करने का लालच देता है। बातचीत में प्रतिमाह 5 प्रतिशत लाभ दिलाने का लालच देता है। इस तरह उसने डेढ़ करोड़ से अधिक राशि लोगों से धोखाधड़ी कर ली है। सभी जानकारी हाथ लगने पर पुलिस टीम ने उसे रात में दबिश देकर पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपी से अहम जानकारी मिली है।
टीआइ तहजीब काजी के मुताबिक सूचना मिली थी की नमन पांडे नामक व्यक्ति अपने साथियों के साथ मिलकर बेरोजगार और मध्यमवर्गीय परिवार के युवाओं को एक वर्ष में पैसा दोगुना करने का लालच दे रहा है। जांच में पता चला कि संजय पिता सुनील कुमार सोनी निवासी लेमन सिटी, अर्जुन पिता लक्ष्मीनारायण ठाकुर निवासी वैष्णव विहार, हर्ष पिता राजा बिजोल निवासी शिवशक्ति नगर, दीप पिता मानसिंह राणा निवासी न्याय नगर और अनूप सिंह पिता कौशल किशोर निवासी साईसिटी से जानकारी मिली। सभी ने बताया कि आरोपी नमन पांडे ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर विभिन्न बैंकों से लगभग 1 करोड़ 65 लाख से अधिक राशि लोन दिलाया और क्रेडिट कार्ड भी बनवाए। आरोपी ने फर्म भी बनाई जिसमें वह स्वयं मशीन के माध्यम से बैंकों के कार्ड से राशि प्राप्त करता था। पीडि़तों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। टीम ने आरोपी नमन पांडे निवासी आरएनटी मार्ग को रात में दबिश देकर पकड़ा। पूछताछ में उसने पूर्व में एडवाइजरी कंपनी में काम करना बताया। उसने शेयर बाजार में निवेश कराने के लिए वर्ष 2018 में स्वयं की कंपनी से शुरू किया। आरोपी से अन्य खुलासे होने की आशंका है।