
Indore news:मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में 22 दिन पहले रियल एस्टेट कारोबारी बंटी उर्फ संदीप नागर की मौत मामले में पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है। मामले में कई बिंदुओँ पर जांच जारी है। इधर, अब तक जो पड़ताल हुई है उसके मुताबिक पुलिस को कुछ चीजें मिली है। जिन की ओर जांच की दिशा को मोड़ा गया है। अब जांच का फोकस कारोबारी के करोड़ों के प्रोजेक्ट पर है जिनमें गड़बडिय़ों की आशंका भी है। उधर, मृतक का लॉक मोबाइल फोन भी अभी तक रहस्य बना हुआ है, जिसका डेटा निकालने का प्रयास साइबर सेल रहा है।
जानकारी के लिए बता दे कि थाना पलासिया क्षेत्र में गत 27 सितंबर की शाम रियल एस्टेट कारोबारी बंटी उर्फ संदीप नागर (56 वर्ष) ने साकेत नगर स्थित अपने कार्यालय 'द मार्क' बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर ऑफिस में अपनी जान दे दी थी। पुलिस जांच में अभी तक कई एंगल सामने आए हैं। इस बीच कानूनी सलाहकारों से जानकारी लेने के बाद कारोबारी के परिजन ने पलासिया पुलिस को लगभग 20 लोगों के नाम सौंपे हैं जो प्रोजेक्ट और लेनदेन के मामलों से जुड़े हैं और लगातार संपर्क में थे। हाईप्रोफाइल केस होने के कारण पुलिस उनके नामों का खुलासा नहीं कर रही है। अब मौत के 528 घंटे पूरे हो चुके है। देखना होगा कि कब मौत की असली वजह का खुलासा होगा।
थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह रघुवंशी के मुताबिक इस हाई प्रोफाइल सुसाइड मामले में पुलिस ने कारोबारी की पत्नी, भाई, ड्राइवर और स्टाफ कर्मचारियों सहित करीब 8 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। पुलिस ने कारोबारी का लॉक मोबाइल फोन जांच के लिए साइबर एक्सपर्ट को भेजा है। साइबर टीम मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य डाटा रिकवर करने की कोशिश में हैं। बताया जा रहा है कि बंटी नागर ने बाल्याखेड़ी (बायपास) पर भी बड़ा प्रोजेक्ट लांच किया था। उसमें कई बिल्डर और भाजपा नेता के रिश्तेदार का भी पैसा लगा हुआ था।
कारोबारी बंटी उर्फ संदीप नागर मौत मामले में ये बात भी चर्चा में है कि दिल्ली से लौटने के बाद से वे काफी उदास से थे और दोस्तों से भी दूरियां सी बना ली थीं। इस बीच ये भी कहा जा रहा था कि वे किसी गंभीर बीमारी के कारण परेशान थे, हालांकि पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की। थाना प्रभारी का कहना है कि जांच में ऐसी बात सामने नहीं आई है। उधर, ये भी चर्चा में है कि करोड़ों के लेन-देन के मामले में कोई आपराधिक प्रवृत्ति का नीलू नामक युवक धमका रहा था। धमकाने वाले का संबंध एक मंत्री से भी बताया जा रहा है।