इंदौर

परशुराम लोक: 10 करोड़ से निखारेंगे कुंड, हर्बल गॉर्डन, ध्यान कुटीर की आभा

महाकाल लोक की तर्ज पर महू तहसील स्थित भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव में परशुराम लोक आकार लेने जा रहा है। करीब 10 करोड़ रुपए की राशि से अधिक की लागत से तैयार होने जा रहे इस प्रोजेक्ट के टेंडर भी हो चुके हैं। इस सप्ताह काम शुरू हो रहा है और एक साल में इस प्रोजेक्ट को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। यह लोक श्रद्धालुओं के लिए श्रद्धा का केंद्र होने के साथ ही पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण स्थल होगा।

2 min read
Aug 02, 2023
परशुराम लोक: 10 करोड़ से निखारेंगे कुंड, हर्बल गॉर्डन, ध्यान कुटीर की आभा

डॉ. आंबेडकर नगर(महू).

दरअसल, भगवान परशुराम जयंती पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जानापाव पहुंचकर परशुराम लोक का निर्माण का भूमिपूजन किया था। साथ ही यहां नवनिर्मित भगवान परशराुम मंदिर, दिवस बसेरा और भोजनशाला का लोकार्पण भी किया था। इस भूमिपूजन के बाद से ही मप्र पर्यटन विकास निगम परशुराम लोक निर्माण की तैयारियों में जुट गया था। टेंडर सहित अन्य प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। अब तक करीब 6 करोड़ की राशि से होने वाले विकास कार्यों के टेंडर खुल चुके हैं। वहीं शेष राशि से लाइटिंग के साथ ही सडक़ निर्माण संबंधित कार्य किए जाएंगे।

ऑडिटोरयिम, लैंड स्केपिंग रहेगा आकर्षण का केन्द्र-

परशुराम लोक की लागत करीब 10 करोड़ 32 लाख रुपए आंकी गई है। इसके तहत यहां पर कुंड का विकास, ऑडिटोरियम, ध्यान कुटीर, हर्बल गार्डन, फेंसिंग, बहुउद्दशीय भवन, लेंड स्केपिंग, जनसुविधाओं का विकास आदि बनाए जाएंगे।

पहाड़ी तक पहुंचने के लिए बनेगा रोप वे

करीब तीन माह पहले सीएम ने जानापाव तीर्थ पहुंचने के लिए रोप वे बनाने की घोषणा की थी। पिछले सप्ताह इस प्रोजेक्ट के लिए प्रदेश सरकार ने पांच करोड़ रुपए की राशि मंजूर कर दी है। अब डीपीआर तैयार कर योजना को मूर्त रूप दिया जा रहा है। संभवत परशुराम लोक के साथ ही रोप वे का काम शुरू हो जाएगा।

जयंती पर देशभर से एकजुट होते श्रद्धालु

हर साल अक्षय तृतीय पर भगवान परशुराम जयंती मनाई जाती है। इस दिन भगवान परशुराम की जन्म स्थली जानापाव तीर्थ में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते है। यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजनशाला भी बनाई गई है। जिसका भी जल्द ही संचालन शुरू होगा।

ट्रस्टी से बातचीत-

जगद्मनी आश्रम ट्रस्ट के ट्रस्टी रामकिशोर शुक्ला ने बताया कि यहां परशुराम लोक बनने से श्रद्धालुओं के लिए कई सुविधाएं जुटाई जाएंगी। श्रद्धालुओं के साथ देशभर से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होगा। इसी सप्ताह यहां पर काम शुरू हो जाएगा।

फैक्ट फाइल-
- इंदौर से 45 किमी की दूरी।
- बारिश के मौसम में बड़ी संख्या में पहुंचते पर्यटक
- पहाड़ी पर बने कुंड से निकली है साढ़े सात नदियां
- महाकाल उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, माडव जैसे प्रसिद्ध धार्मिक व पर्यटक स्थल मौजूद ।

Published on:
02 Aug 2023 07:39 pm
Also Read
View All