इंदौर

राजा रघुवंशी मर्डर केसः सोनम रघुवंशी फिर जेल जाएगी, सुप्रीम कोर्ट ने दिए दो विकल्प

Raja Raghuvanshi Murder Case- इंदौर के राजा मर्डर केस में जमानत पर चल रही सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट ने दो विकल्प दिए हैं...।
2 min read
Jul 21, 2026
Sonam Raghuvanshi
Sonam Raghuvanshi- मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने सोनम रघुवंशी को दो विकल्प दिए हैं।

इंदौर के राजा रघुवंशी मर्डर केस में जमानत पर चल रही सोनम रघुवंशी की मुश्किलें बढ़ सकती है। वो दोबारा जेल जा सकती है। अपनी पति राजा रघुवंशी की मेघालय में बेरहमी से हत्या के आरोप में उसके साथी पहले से ही जेल में बंद है। कुछ माह पहले मेघालय पुलिस की एक गलती के बाद सोनम को जमानत मिल गई थी। लेकिन मंगलवार के फैसले के बाद सोनम रघुवंशी के जेल जाने का खतरा मंडराने लगा है।

इंदौर से मेघालय हनीमून पर ले जाकर अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में जमानत पर चल रही सोनम रघुवंशी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने सोनम से मौखिक रूप से दो विकल्प दिए हैं। 23 जुलाई को मामले की अगली सुनवाई होगी।

यह हैं वो दो विकल्प

सोनम की जमानत के मामले में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस एमएस सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की बेंच ने मंगलवार को सुनवाई की। कोर्ट ने मेघालय सरकार की उस याचिका पर सुनवाई की थी, जिसमें मेघालय हाईकोर्ट की ओर से सोनम को मिली जमानत के खिलाफ अपील की गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने सोनम के सामने दो सुझाव दिए कि जब तक ट्रायल कोर्ट अभियोजन पक्ष के मुख्य गवाहों के बयान दर्ज कर रहा है, तब तक सोनम रघुवंशी को सरेंडर कर देना चाहिए। कोर्ट ने यह भी कहा कि दो विकल्प हैं। या तो हम मामले के गुण-दोष पर विचार करके आदेश देंगे या फिर हम आदेश देंगे कि जब तक गवाहों से पूछताछ पूरी नहीं हो जाती, तब तक आप सरेंडर कर दें और उसके बाद हम मामले के गुण-दोष पर विचार करेंगे।

देशभर में चर्चित हुआ था यह मामला

यह केस देशभर की सुर्खियां बन गया था। हर कोई इस प्रकरण को बारीकी से समझना चाहता था। इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की शादी 11 मई 2025 को सोनम रघुवंशी के साथ इंदौर में हुई थी। शादी के अगले 15 दिनों में ही सोनम रघुवंशी हनीमून के लिए मेघालय के चेरापूंजी लेकर गई थी। पहले तो राजा के लापता होने की खबर आई, लेकिन बाद में उसकी लाश एक गहरी खाई से बरामद हुई। मेघालय पुलिस ने जांच की तो सोनम रघुवंशी, उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और तीन सहयोगियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया था। जून 2025 में उत्तर प्रदेश में भागते हुए सोनम एक ढाबे पर मिली थी, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।

Updated on:
21 Jul 2026 03:40 pm
Published on:
21 Jul 2026 03:31 pm