जबलपुर

पत्थर लगाकर छोड़ दिया तालाब

मदन महल पहाड़ी के तालाब का सौंदर्यीकरण का मामला
less than 1 minute read
• •
Updated: 10 Apr 2024, 9:03 PM IST
पत्थर लगाकर छोड़ दिया तालाब
मदन महल पहाड़ी के तालाब का सौंदर्यीकरण का मामला

जबलपुर. मदन महल पहाड़ी में अतिक्रमण का सफाया करने के बाद वहां मौजूद तालाब का सौंदर्यीकरण किया था। इसके तहत यहां पत्थर लगाकर उसे पक्का किया गया था ताकि बारिश का पानी जमा हो सके और उसके पानी का इस्तेमाल यहां पेड़-पौधों की सिंचाई में किया जा सके लेकिन हालत यह है कि इसका रखरखाव नहीं किया जा सका। इससे यहां बारिश का जल भी स्टोर नहीं हो सका है। तालाब सूख चुका है। इसमें कचरा भर रहा है। जानकार कहते हैं कि जल संग्रहण के लिए बनाए जलश्रोत की दुर्दशा हो गई है।

स्मार्ट फुटपाथ पर डम्पर की पार्किंग

जबलपुर. स्मार्ट सिटी के द्वारा बनाई गई स्मार्ट सड़क के फुटपाथ पर डम्पर पार्क किए जा रहे हैं। इससे ये फुटपाथ लहरदार हो गए हैं। जानकार कहते हैं कि इन वाहनों की पार्किंग से यहां लोग पैदल नहीं चल पा रहे हैं। इससे रफ्तार से दौड़ने वाले वाहनों की चपेट में पैदल चलने वाले लोग आ सकते हैं। आलम यह है कि इस फुटपाथ के नीचे केनाल बनाई गई है, जिसमें नाली और अंडरग्राउंड इलेक्ट्रीफिकेशन किया गया है। भारी वाहनों की वजह से यह धंस रहा है। वहीं, वाहनों के पहिए से इसके किनारे कट रहे हैं।

सफाई चौपट, नालियों में भरा कचरा

जबलपुर. शताब्दीपुरम में सफाई व्यवस्था चौपट हो गई है। इस कॉलोनी की नालियों में कचरा भर गया है। इसके अलावा यहां उगी जंगली झाडि़यों को भी नहीं हटाया गया है। जानकार कहते हैं कि इसमें जेडीए और नगर निगम के जिम्मेदार एक-दूसरे पर पर जवाबदारी थोप रहे हैं, जिसका खामियाजा यहां रहने वाले लोगों को उठाना पड़ रहा है। होता यह है कि यहां नालियां चोक हो रही है, जिससे घरों से निकलने वाला पानी इन नालियों से आगे नहीं बढ़ पाता है। ऐसे हालात में यहां यहां जंगली पौधे उग रहे हैं।