भाजपा विधायक का बेटा बोला जान से मार दूंगा, कांग्रेसी नेता के भाई ने मार दी गोली
जबलपुर। शहर में सबसे संवेदनशील और संघर्ष के साथ यदि कहीं चुनाव हो रहा है तो वह है पश्चिम विधानसभा क्षेत्र। जहां दोनों दलों के प्रत्याशी अपने वर्चस्व की लड़ाई को लेकर आमने सामने हैं। वे पारंपरिक प्रतिद्वंदी तो हैं ही, साथ में उनकी निजी कट्टरता भी जगजाहिर है। दोनों के समर्थक भी एक दूसरे को दुश्मनों की निगाह से देखते हैं। बुधवार को दोनों प्रत्याशियों के परिजनों पर मामले दर्ज हुए हैं। जहां भाजपा विधायक के बेटे पर जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज हुआ है। वहीं कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं वर्तमान प्रत्याशी के भाई पर गोली मारने का मामला दर्ज है। जिसके बाद पुलिस ने फरार होने पर ईनाम घोषित कर दिया है।
राजा सोनकर के खिलाफ धमकी देने का केस दर्ज
घमापुर थाने में पूर्व विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अंचल सोनकर के बेटे राजा सोनकर के खिलाफ मोबाइल पर एक युवक को जान से मारने की धमकी देने का प्रकरण दर्ज किया गया है। घमापुर टीआई संजय सिंह ने बताया, द्वारका नगर निवासी श्रेयांश उर्फ साहिल यादव ने बुधवार रात 11 बजे शिकायत की कि भरतीपुर निवासी राजा सोनकर ने मोबाइल से उसके मोबाइल पर फोन कर 19 नवम्बर को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बुधवार दोपहर 2.00 बजे भी राजा सोनकर ने मोबाइल से फ ोन कर धमकी दी। पुलिस ने राजा सोनकर के खिलाफ धारा 506 ए, 507 का प्रकरण दर्ज किया है। राजा सोनकर के खिलाफ बेलबाग थाने में भी हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।
फरार जय घनघोरिया पर 10 हजार का इनाम घोषित
साड़ी बांटने के आरोप-प्रत्यारोप को लेकर बीते दिनों बेलबाग थाने के सामने भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच हुए विवाद में गोली चलाने वाले जय घनघोरिया की गिरफ्तारी पर एसपी ने बुधवार को 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। जय के खिलाफ भाजपा समर्थक गुरंदी भरतीपुर निवासी विश्वास सोनकर को गोली मारने का प्रकरण बेलबाग थाने में दर्ज है। जय ने साथी नीरज के साथ बात कर रहे विश्वास सोनकर को गोली मार दी थी। घटना के बाद से ही जय घनघोरिया फरार है। पुलिस द्वारा कुल पांच प्रकरणों में अब तक 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य फरार आरोपितों पर कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है।