जबलपुर

lalu के चारा घोटाला जैसा फर्जीवाड़ा आया सामने, गाय की जमीन पर रसूखदारों की नजर

एसडीएम और तहसीलदार को नोटिस, गौ अभ्यारण्य की ५३० एकड़ जमीन के हिस्से पर बिना आदेश राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कर दिया पिंजरा पोल ट्रस्ट का नाम

2 min read
Dec 21, 2017
 cows land
cows land

जबलपुर . नेताओं-अफसरों का लालच खत्म ही नहीं हो पा रहा है। हर जगह से दोनों हाथों दौलत बटोरने के फेर में ये हर काम कर रहे हैं। बेचारे जानवरों तक को नहीं छोड़ रहे। जहां लालू यादव जानवरों का चारा खा गए थे वहीं यहां के अधिकारियों की नजर जानवरों की जमीन पर है। गौमाता की जमीन हड़पने के फेर में अधिकारियों ने रिकार्ड मेें हेरफेर कर तो लिया पर पकड़ लिए गए।


पिंजरा पोल ट्रस्ट के नाम की जमीन
कुं डम तहसील में बनने वाले गौ अभ्यारण्य के लिए चिह्नित ५३० एकड़ जमीन का कुछ हिस्सा बिना आदेश के राजस्व रिकार्ड में पिंजरा पोल ट्रस्ट के नाम पर दर्ज कर दिया गया। इसका खुलासा बुधवार को उस समय हुआ, जब कलेक्टर महेशचंद्र चौधरी बुधवार को कुंडम तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। दस्तावेजों की जांच में उन्होंने गड़बड़झाले को पकड़ लिया। उन्होंने स्थानीय एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, आरआई पर को फटकार लगाई और राजस्व अधिकारियों से जवाब तलब कर प्रकरण की जांच के आदेश दिए। दोषी अधिकारियों पर आपराधिक मामला दर्ज करने के लिए भी कहा।


अधिकारियों को लगाई फटकार
नायब तहसीलदार न्यायालय में दर्ज राजस्व प्रकरणों के अवलोकन के दौरान बिना रिकार्ड दुरुस्त किए नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के प्रकरणों में अंतिम आदेश पारित करने को गंभीर लापरवाही मानते हुए कलेक्टर ने एसडीएम कुंडम जेपी यादव, तहसीलदार प्रशांत अग्रवाल और नायब तहसीलदार हरि सिंह धुर्वे को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। न्यायालय में दर्ज प्रकरणों पर अगली सुनवाई की तारीख दर्ज नहीं करने पर भी फटकार लगाई। लोक सेवा केन्द्र के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित सहायक प्रबंधक अभिषेक बोकड़े को संविदा सेवा से मुक्त करने का आदेश दिया।


शिक्षक भी आए निशाने पर
कलेक्टर ने कुं डम स्थित धान खरीदी केन्द्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से चर्चा की। अधिकारियों को बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर मरीजों से बातचीत की। कलेक्टर ने अस्पताल का भ्रमण करने आई शासकीय कन्या शाला की छात्राओं से सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे। सही जवाब न मिलने पर स्कूल के शिक्षकों को फटकार लगाते हुए अतिरिक्त कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए।

Published on:
21 Dec 2017 09:26 am