प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा का अधिकारियों ने तैयार किया सीक्रेट प्लान
जबलपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रह जाए, इसके लिए पुलिस मुख्यालय सक्रिय हो गया है। शनिवार को पुलिस मुख्यालय से इंटेलीजेंस विंग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) राजीव टंडन शहर पहुंचे। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में उन्होंने प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और पुलिस अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि कारकेड की रिहर्सल भी कर ली जाए। जो अधिकारी और जवान अवकाश पर हैं, उनके स्थान पर दूसरे अधिकारियों और जवानों को तैनात किया जाए। इस दौरान आईजी अनंत कुमार सिंह, डीआईजी भगवत सिंह चौहान, एसपी कुमार सौरभ समेत सभी राजपत्रित अधिकारी मौजूद थे। वहीं गोपनीय विभाग भी सक्रिय हो गया है।
about- एडीजीपी इंटेलीजेंस ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, प्रधानमंत्री के कारकेड में शामिल रहेंगे 20 वाहन
पुलिस अधिकारियों ने बताया गया कि पीएम के कारकेड के लिए २० वाहनों की व्यवस्था की गई है। जिसमें वॉर्नर, पायलेट, जैमर कार, रिंग राउंड ड्यूटी वाले अधिकारी, एसपीजी के अधिकारियों का वाहन, प्रदेश स्तर के जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और फिर उनके पीछे एंबुलेंस, फायर बिग्रेड और पुलिस जवानों से भरा वाहन रहेगा।
बसों के रूट की ली जानकारी
मंडला में आयोजित होने वाले कार्याक्रम में शहर के आसपास के जिलों से भी बसों में कार्यकर्ता व हितग्राही जाएंगे। वहीं तिलहरी स्थित होटल में रुकने वाला पीएम का डेलीगेशन भी उनके आगमन के पूर्व वहां रवाना होगा। इसके लिए एडीजीपी ने पूरा रोड मैप देखा। अधिकारियों ने बताया कि बसों के लिए अलग और डेलीगेशन के लिए अलग से व्यवस्थाएं की गई हैं।
आज फोर्स बंटेगा
रविवार को पुलिस लाइंस में फोर्स डिस्ट्रीब्यूशन होगा। सभी अधिकारियों और जवानों की नामदज ड्यूटी लगाई गई है। इसके बाद सोमवार को पुलिस अधिकारियों और जवानों द्वारा कारकेड समेत समस्त सुरक्षा व्यवस्थाओं की रिहर्सल होगी। एडीजीपी टंडन रविवार सुबह मंडला रवाना होंगे। जहां वे कार्यक्रम स्थल समेत सभी स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे, जहां प्रधानमंत्री पहुंचेंगें।
सबसे पहले तमिलनाडु से पहुंचा दल
पंचायती राज अधिनियम पर २३ व २४ अप्रेल को आयोजित राष्ट्रीय पंचायत में शामिल होने देश भर से प्रतिनिधिमंडल का पहुंचना शुरू हो गया है। शनिवार को सबसे पहले तमिलनाडु के ८ सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल का फ्लाइट से आगमन हुआ। इसके बाद त्रिपुरा, मिजोरम, केरल, बिहार से भी प्रतिनिधियों का फ्लाइट और ट्रेन से आना शुरू हो गया।
पंचायत प्रतिनिधियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके मद्देनजर प्रशासन की ओर से डुमना एयरपोर्ट व रेलवे स्टेशन पर स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉल में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। दोनों स्थलों पर वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। जिनसे प्रतिनिधियों को निर्धारित होटलों में पहुंचाया जा रहा है। शहर के सभी प्रमुख होटल, हॉस्टल, विश्राम गृहों से लेकर भेड़ाघाट व बरगी में भी प्रतिनिधियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।
उच्चस्तरीय बैठक
आयोजन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का डुमना एयरपोर्ट आगमन होगा, वहां से वे कार्यक्रम में शामिल होने मंडला जाएंगे। प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर एसपीजी की टीम का आगमन हो गया है। एसपीजी व अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ प्रशासन व पुलिस के आला अधिकारियों की बैठक रविवार को सुबह डुमना एयरपोर्ट पर होगी।