कहा, प्रदेश में लोगों को दिख रहा है विकास
जबलपुर। ‘पिछड़े और बीमारू राज्य को भाजपा की सरकार ने सबसे तेजी से विकासशील राज्य बना दिया। मप्र दूसरे राज्यों को बिजली की आपूर्ति कर रहा है। देशभर में यहां से अन्न भेजा जा रहा है।’ ये बात दिल्ली के भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने सोमवार को पश्चिम विधानसभा से पार्टी के प्रत्याशी हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही। गढ़ा रामलीला मैदान में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश का जैसा विकास किया है, उसे देखकर लगता है कि बूथ पर जाने के बाद मतदाता कमल के अलावा दूसरा बटन नहीं दबाएगा।
प्रदेश का किया विकास
तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज की सरकार ने 15 साल में मप्र का विकास किया है। पीएम मोदी व सीएम शिवराज दोनों को 5 साल और दिए तो देश और प्रदेश में कोई दूसरी पार्टी जनता से वोट मांगने वाली नहीं बचेगी। वास्तव में भाजपा एक विजन लेकर चल रही है, जिसका असर पूरे देश में दिख रहा है। इसे आप स्वच्छता, तकनीकी विकास, सुरक्षा प्रणाली की मजबूती आदि के माध्यम से भी देख सकते हैं। केन्द्र में जहां भाजपा ने अनूठे काम करके विश्व में अपना परचम लहराया है, वहीं मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह सरकार की ऐसी कई योजनाएं हैं, जो अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय उदाहरण बन रही हैं। इस दौरान दीपांकर बैनर्जी, श्रीराम शुक्ला, सुरेन्द्र राठौर, सुषमा जैन, राममूर्ति मिश्रा, अजय तिवारी, रजनीश यादव, विनय अमलाथे, रवीन्द्र पचौरी, लोचन साहू, संजय तिवारी, कौशल सूरी मौजूद थे।
चौथी बार भी भाजपा
अनय वक्ताओं ने विश्वास जाहिर किया कि गुजरात की ही तरह इस बार मप्र में भी कीर्तिमान बनेगा और चौथी बार भाजपा की सरकार बनेगी। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास के कई कार्य कराए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में अच्छी सडक़ें नहीं थी। बिजली की हालत यह थी कि शहरों तक में घुप अंधेरा रहता था। बच्चे पढ़ नहीं पाते थे। किसानों को सिंचाई के लिए बिजली नहीं मिल रही थी। अब जनता पहले और आज के अंतर को स्वयं देख रही है। शिवराज सिंह की सरकार ने सडक़, बिजली, पानी और कृषि की अधोसंरचना को मजबूत किया है।