जबलपुर

जयंती पर रखी जाएंगी संत रविदास की 125 प्रतिमाएं, निकलेगी शोभायात्रा

माघ पूर्णिमा के दिन 24 फरवरी को संत रविदास की जयंती मनाई जाएगी

2 min read
Feb 20, 2024
sant_ravidas_temple_will_build_in_mp_pm_modi_lay_foundation_of_this_temple_in_sagar_district_in_mp.jpg

जबलपुर। माघ पूर्णिमा के दिन 24 फरवरी को संत रविदास की जयंती मनाई जाएगी। संस्कारधानी में संत रविदास के अनुयायी धूमधाम से उनकी जयंती मनाएंगे। दो दिन पूर्व से ही जयंती महोत्सव के आयोजन आरम्भ हो जाएंगे। विभिन्न संगठनों से मिली जानकारी के अनुसार 22 फरवरी से शहर के कोने-कोने में संत रविदास की 125 से अधिक मूर्तियां व झांकियां रखी जाएंगी। मूर्तियों का निर्माण जोरों पर है। 22 से 24 फरवरी तक जगह-जगह सांस्कृतिक आयोजन होंगे। 24 फरवरी को आम्बेडकर चौक से गौरीघाट तक संत रविदास की शोभायात्रा निकाली जाएगी।

शहर भर में होगा शोभायात्रा का स्वागत-

समितियों द्वारा जगह जगह संत रविदास की प्रतिमाएं व उनके जीवन पर आधारित झांकियां स्थापित की जाएंगी। इन प्रतिमाओं सहित शोभायात्रा आम्बेडकर चौक हाईकोर्ट से घंटाघर मालवीय चौक शास्त्री ब्रिज पोली पाथर होते हुए गौरीघाट स्थित संत रविदास आश्रम जाएगी। शोभायात्रा का पूरे मार्ग में सामाजिक धार्मिक राजनीतिक संगठनों द्वारा मंच लगाकर स्वागत किया जाएगा। शोभा यात्रा के समापन के पश्चात संत रविदास आश्रम गौरीघाट में विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

होगा समरसता भोज-

संत रविदास युवा विचार मंच के तत्वावधान में संत रविदास की जयंती के पूर्व गढा कन्या पूजन व समरसता भोज का आयोजन किया जाएगा। जिसमें क्षेत्र के सभी समाज, वर्गों के नागरिक हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में संत रविदास के माल्यार्पण, पूजन के बाद 21 कन्याओं के पैर पूजे जाएंगे। वरिष्ठ विद्वानों द्वारा विचार व्यक्त किए जाएंगे।

सभा में तैयारियों पर विमर्श-

संत रविदास विचार मंच के शारदा प्रसाद चौधरी ने बताया कि रविदास जयंती के लिए बड़ी मदारटेकरी ङ्क्षसधी कैम्प में समाज की सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता कमल चौधरी ने की। सभी वार्डों एवं मोहल्लों से कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान निर्णय लिया गया कि संत रविदास जयंती का आयोजन मूर्ति स्थापना व शोभायात्रा के दो चरणों में होगा। इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंच के डॉ. मानिकलाल जाटव, राहुल चौधरी, आर्यन चौधरी, वीरेंद्र चौधरी, लखन चौधरी, गुड्डीबाई चौधरी, वन्दना चौधरी, रामबाई चौधरी, रामकली बाई चौधरी, कमलाबाई चौधरी, मीना बाई चौधरी, सिया बाई चौधरी का जयंती महोत्सव में सहयोग रहेगा।

Published on:
20 Feb 2024 06:18 pm