फिर बदला मौसम : सामान्य पर पहुंंचा तापमान
जबलपुर. शहर में दो दिन तापमान में गिरावट के बाद आसमान साफ होते ही रविवार को मौसम का मिजाज फिर बदल गया। दोपहर में धूप असहनीय हो गई। गर्म हवा चलने से अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री बढ़ गया। लोग गर्मी और उमस से बेहाल हो गए। न्यूनतम तापमान में भी चार डिग्री की वृद्धि हुई। हालांकि राजस्थान से छत्तीसगढ़ तक मध्यप्रदेश होकर बनी द्रोणिका के कारण पारा अभी काबू में है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर एक-दो दिन बाद कमजोर पडऩे पर गर्मी बढ़ सकती है।
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया। एक दिन पहले यह क्रमश: 40 और 24.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। सुबह की आद्र्रता 46 प्रतिशत और शाम की आद्र्रता 13 प्रतिशत थी। प्रदेश में रविवार को दिन में सर्वाधिक अधिकतम तापमान खरगौन में 44 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया।
हवा की दिशा हुई पश्चिमी
मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार रविवार को हवा की दिशा पश्चिमी हो गई। हवा छह किमी प्रतिघंटा की गति से चली। इससे तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। राजस्थान-मध्यप्रदेश होकर छत्तीसगढ़ तक द्रोणिका बनी हुई है। इसके प्रभाव से सोमवार को सम्भाग के जिलों में कहीं-कहीं तेज हवा और हल्की बारिश हो सकती है। अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। एक-दो दिन में मानसून के केरल पहुंच सकता है। इसके बाद शहर में मौसम का मिजाज फिर बदलेगा।