
जयपुर में शुक्रवार को हुए कंवरपुरा स्कूल विवाद के बाद सियासत गरमा गई है। इस मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने राजस्थान सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, लेकिन इसी बीच एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि मैं मदन दिलावर जी से क्षमा मांगता हूं। यह क्लिप सोशल मीडिया से काफी वायरल हो रही है और लगातार चर्चा का विषय बनी हुई। आइए जानते हैं कि आरोप-प्रत्यारोपों के बीच अचानक आशुतोष रांका ने ये बात क्यों कही?
आशुतोष रांका ने इंटरव्यू के दौरान कही इस बात की पूरी क्लिप अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के हैंडल X पर पोस्ट की है। दरअसल, इस वीडियो में वह राज्य शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बयान का जवाब दे रहे थे। वीडियो में वह तंज कसते हुए कहते नजर आ रहे हैं, “मदन दिलावर जी ने बिल्कुल सही कहा। तबेले के अंदर एक बहुत बड़ा डिजिटल क्लासरूम चल रहा था, जिसमें 56 इंच की टीवी स्क्रीन लगी हुई थी। वहां हमारे बच्चों को आधुनिक तकनीक और AI सेमीकंडक्टर के बारे में पढ़ाया जा रहा था। मैथ्स और साइंस की पढ़ाई हो रही थी। इंटरनेट और लाइब्रेरी की सुविधा मौजूद थी। शानदार बेंच लगी हुई थीं और बहुत अच्छी पढ़ाई चल रही थी, जिसमें हम लोगों ने व्यवधान डालने का काम किया।”
उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा, “बहुत सही कह रहे हैं मदन दिलावर जी। भैंसों के तबेले में यह पहला वर्ल्ड क्लास क्लासरूम था, जिसमें CJP ने व्यवधान डाला। यह ऐसा मॉडल है, जिसे सभी को अपनाना चाहिए, जहां एक तरफ भैंस हो, उसका चारा हो और उसके बगल में बच्चों को पढ़ाया जाए। हमारे बच्चों को जिस तरह विश्वस्तरीय शिक्षा दी जा रही है, उस मॉडल में हमने व्यवधान डाला, इसके लिए हम माफी मांगना चाहते हैं।”
राजस्थान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने CJP पर हमला बोलते हुए कहा कि “कॉकरोच पार्टी का चरित्र सबने जंतर-मंतर पर देखा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग कांग्रेस के समर्थन से काम कर रहे हैं और इस तरह का व्यवहार कोई बर्दाश्त नहीं करता। दिलावर ने कहा कि गांव वालों को डर है कि ऐसे लोग स्कूलों में जाएंगे तो माहौल खराब होगा और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान के अलग-अलग स्कूलों से व्यवधान की शिकायतें मिल रही हैं, जिसे सरकार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से सरकारी स्कूलों की स्थिति और बच्चों की पढ़ाई से जुड़े मुद्दों को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत CJP की टीम शुक्रवार सुबह जयपुर के एक सरकारी स्कूल में पहुंची थी। टीम स्कूल की व्यवस्थाएं और बच्चों की पढ़ाई का माहौल देखने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों और CJP टीम के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। इसी को लेकर अब मदन दिलावर और CJP के नेताओं के बीच बयानबाजी भी शुरू हो गई है। बता दें कि आशुतोष रांका ने मामले में 48 घंटों के अंदर मदन दिलावर के इस्तीफे की मांग भी की।
शनिवार को मदन दिलावर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि राजस्थान के सरकारी स्कूलों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने स्कूलों में भवन, कक्षा-कक्ष, स्मार्ट क्लास, लैब और दूसरी जरूरी सुविधाओं के विस्तार का जिक्र किया। पोस्ट में उन्होंने कहा कि स्कूलों की कमियां सामने रखना लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, लेकिन उनका समाधान बातचीत, सहयोग और सकारात्मक भागीदारी से ही हो सकता है।