सीएम बनने के बाद जोधपुर पहुंचे गहलोत का जगह-जगह स्वागत
जोधपुर. मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार मंगलवार को अपने गृह नगर जोधपुर पहुंचे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यहां घंटाघर में धन्यवाद सभा को संबोधित करते हुए चेतावनी भरे लहजे में भाजपा नेताओं के जेल भरो आंदोलन का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि महज सवा महीने में ही सरकार ने कई निर्णय लिए, फिर किस बात का धरना दे रहे हैं। यदि जेल में डाल दिया तो बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा। गहलोत ने कहा कि भाजपा के लोग सोच-समझ कर ही सड़कों पर उतरें।
उन्होंने सवा महीने में कांग्रेस सरकार की ओर से किए गए निर्णय के बारे में जानकारी दी। प्रदेश में भाजपा सरकार व वसुंधरा राजे पर जमकर हमला बोला। करीब तीन लाख करोड़ का कर्जा छोड़ कर जाने के आरोप लगाए। साथ ही बजरी खनन के मामले में भाजपा सरकार के समय संस्थागत भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज वे जो कुछ हैं जोधपुरवासियों के प्यार की बदौलत है। बोले, जोधपुरवासी मेरे दिल में समाए हुए हैं। चार-पांच दशक से लगातार उन्हें जोधपुर का प्यार मिल रहा है। उन्होंने फिर वही नारा दोहराया-मैं थांसू दूर नहीं...। मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस परिसर में 14 पाक विस्थापितों को नागरिकता प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।
अजान सुन रोक दिया संबोधन
गहलोत ने कहा कि देश में एेसा माहौल बनाया गया है जैसे कांग्रेस से जुड़े सब लोग मुसलमान है। धर्म व जाति के आधार पर देश को बांटने की राजनीति भाजपा के लोग कर रहे हैं। चुनाव आता है तो इन्हें राम मंदिर याद आता है। किसी धर्म का यदि हम आदर करेंगे तो दूसरे भी करेंगे, तभी पूरा देश अखंड रहेगा। जब सभा चल रही थी तो समीप की मस्जिद से अजान की आवाज आई। इस पर सीएम गहलोत ने अजान पूरी होने तक अपना संबोधन रोक दिया।
७० साल में लोकतंत्र दिया, तब मोदी प्रधानमंत्री बन सके
शाम को जेएनवीयू छात्रसंघ अध्यक्ष सुनील चौधरी के छात्रसंघ कार्यालय उद्घाटन समारोह में गहलोत ने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल में लोकतंत्र दिया है। इसी लोकतंत्र की वजह से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन सके और वसुंधरा राजे मुख्यमंत्री। कांग्रेस ने भारत में पाकिस्तान की तरह सैन्य शासन स्थापित नहीं होने दिया और न ही यहां खालिस्तान बनाने का कोई मौका दिया। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी भत्ता 600 से बढ़ाकर 3500 करने पर शीघ्र ही निर्णय किया जाएगा।
इससे पहले गहलोत ने यहां एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नखरे-झटकों को देख चुकी हैं। पांच हजार करोड़ रुपए केवल लटकों-झटकों और विज्ञापनों पर खर्च कर दिए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने रणनीतिक तरीके से तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के न्यूनतम आमदनी संबंधी बयान पर बोले-यह उनकी ऐतिहासिक घोषणा है। जिसे हम सभी मिलकर लागू करने का प्रयास करेंगे। गहलोत ने कहा कि इस घोषणा के साथ ही राहुल गांधी ने अपने दिल की बात कही है। उनका सपना है कि देश में कोई भूखा नहीं सोए, गरीबी समाप्त हो सके और सभी को जीने का अधिकार मिले।