जयपुर

राजस्थान: CM राजे ने ‘सिफारिशी’ फाइल की OK, और तीन साल से सस्पेंड सीनियर RAS हो गए बहाल

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

2 min read
Nov 06, 2018

जयपुर।

राज्य सरकार ने सोमवार को वरिष्ठ आरएएस अफसर निष्काम दिवाकर को बहाल कर दिया। वह एकल पट्टा मामले में आरोपी थे और करीब तीन साल से निलंबित चल रहे थे। सरकार ने एकल पट्टा मामले में पूर्व आइएएस जीएस संधू के साथ आरएएस निष्काम दिवाकर को भी आरोपी बनाया था। मामले में दिवाकर के जेल जाने के बाद 12 अक्टूबर 2015 को उन्हें निलंबित किया गया था। इसके चलते आरएएस से आइएएस प्रमोशन के तीन बार के मौके उन्हें गंवाने पड़े।

मुख्य सचिव डीबी गुप्ता की अध्यक्षता में 11 अक्टूबर को उनके मामले में निलंबन-बहाली कमेटी की बैठक में समीक्षा की गई। इसमें उनके खिलाफ मामले में स्थिति की गुण-अवगुण के आधार पर समीक्षा करते हुए उनकी बहाली की सिफारिश की गई।

सीएम राजे ने किया अनुमोदन
निलंबन-बहाली कमेटी की ओर से निष्काम दिवाकर की बहाली की सिफारिश पर आखिरी मुहर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के स्तर पर लगी। सीएम राजे ने सिरफिश का अनुमोदन कर दिया, जिसके बाद कार्मिक विभाग ने बहाली आदेश जारी किए।

इस बहाली के बाद माना जा रहा है कि दिसंबर में प्रस्तावित आरएएस से आइएएस प्रमोशन प्रक्रिया में वह दावेदार माने जाएंगे। इससे पूर्व बोर्ड बैठकों में उनके लिए एक पद रिक्त मानते हुए उनके नाम का लिफाफा बंद रखा गया था।

ये था मामला
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने गणपति कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोपराइटर शैलेंद्र गर्ग को एकल पट्टा जारी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरएएस अधिकारी निष्काम दिवाकर को गिरफ्तार किया था। तब इसी मामले में रिटायर्ड आईएएस जीएस संधू के ठिकानों पर भी दबिश दी गई थी।

दोनों पर आरोप लगे कि नियम के विपरित जाकर व्यवसायी शैलेंद्र गर्ग को जगतपुरा में 28 हज़ार 28 वर्ग गज का एकल पट्टा जारी कर दिया गया। दिवाकर पर यूडीएच महकमें में डिप्टी सेक्रेट्री पद पर रहते हुए भ्रष्टाचार करने पर गिरफ्त में लिया गया था।

Updated on:
06 Nov 2018 10:47 am
Published on:
06 Nov 2018 10:46 am
Also Read
View All