
जयपुर। सिविल लाइन विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 29 की पांच कॉलोनीवासियों को बीसलपुर का पानी मिलेगा। इसको लेकर सोमवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरूण चतुर्वेदी ने सुशीलपुरा में तेजाजी महाराज चौक से पाइप लाइन डालने के कार्य का शिलान्यास किया। चतुर्वेदी ने बताया कि अब सुशीलपुरा, जमुनापुर कोआपरेटिव व शिव कॉलोनी एवं हरिनगर में बीसलपुर का पानी मिलेगा। परियोजना के पीने के पानी के लिए 5 करोड़ की लागत से नई पाइप लाइन डाली जाएगी।
सरकार ने किया दिव्यांग कोष का गठन
मंत्री चतुर्वेदी ने कहा कि दिव्यांगजनों को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने एक करोड़ रुपए का प्रावधान कर नि:शक्तजन कोष का गठन किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार ने नौकरी में नि:शक्तजनों का 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 4 प्रतिशत आरक्षण किया है तथा कई सुविधाओं को बढ़ाने के साथ नि:शक्तजन के जीवन स्तर को उठाने के लिए सरकार काम कर रही है। जयपुर में 80 सरकारी भवनों को दिव्यांग फ्रेन्डली बनाने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग को बजट आवंटन किया गया है। साथ ही कई भवनों में रैम्प व अन्य कार्य गति से चल रहे हैं।
पहला नि:शक्तजन विश्वविद्यालय आगामी सत्र से शुरू करने का प्रयास
चतुर्वेदी ने कहा कि राजस्थान देश का पहला राज्य है जहां नि:शक्तजन विश्वविद्यालय की घोषणा की गई है, जिसे आगामी सत्र से शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। जामडोली में अस्थाई तौर पर उपलब्ध भवनों में इसे शुरू करने के लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। विश्वविद्यालय के नियम लगभग तैयार हो चुके हंै, जिसे केबिनेट से अनुमोदन करवाया जाएगा।
कई हुए कार्य
मंत्री चतुर्वेदी ने कहा कि गत साढ़े चार साल में सुशीलपुरा एवं वार्ड 29 में नलकूप, सामुदायिक भवन, पार्क एवं अन्य कार्य करवाए गए। उन्होंने कहा कि सुशीलपुरा में 50 लाख की लागत से नालियों का निर्माण करवाया जा चुका है तथा 70 लाख की लागत की ओर नालियों का निर्माण शीघ्र करवाया जाएगा। चतुर्वेदी ने बताया कि द्रव्यवती नदी प्रोजेक्ट का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। इससे सिविल लाइन विधानसभा क्षेत्र के लोगों को ज्यादा लाभ मिलेगा।