जयपुर

राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस का हंगामा, ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ के नारों से गूंजा सदन

आज सदन की शुरुआत हंगामे के साथ हुई है। कांग्रेस विधायकों की ओर से सदन में जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया।

less than 1 minute read
Feb 24, 2025
Feature image

राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र जारी है। आज सदन की शुरुआत हंगामे के साथ हुई है। कांग्रेस विधायकों की ओर से सदन में जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। करीब 13 मिनट सदन की कार्यवाही हंगामेदार तरीके से चली। इसके बाद 11 बजकर 14 मिनट पर स्पीकर ने 12 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया।

सदन में कांग्रेस विधायक पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को लेकर मंत्री अविनाश गहलोत की टिप्पणी के विरोध में हंगामा कर रहे हैं। शुक्रवार को मंत्री अविनाश गहलोत ने सदन में इंदिरा गांधी को 'आपकी दादी' कहकर संबोधित किया था। जिसके बाद कांग्रेस ने इसे असंसदीय करार दिया और विरोध जताया। इस विवाद के चलते कांग्रेस विधायकों का सदन में धरना आज चौथे दिन भी जारी है।

आज विधानसभा की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई, लेकिन कांग्रेस विधायकों ने 'तानाशाही नहीं चलेगी' के नारे लगाते हुए सदन में हंगामा शुरू कर दिया। इस पर स्पीकर वासुदेव देवनानी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जो विधायक निलंबित किए गए हैं, वे सदन से बाहर चले जाएं और आसन का सम्मान करें। कांग्रेस ने आज विधानसभा घेराव की तैयारी भी कर ली है। प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे हैं।

Updated on:
24 Feb 2025 12:12 pm
Published on:
24 Feb 2025 11:21 am