Deputy CM Diya Kumari : परकोटे की जमीनी हकीकत को जानने के लिए उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी मंगलवार को दौरे पर निकलीं।
जयपुर. परकोटे की जमीनी हकीकत को जानने के लिए उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी मंगलवार को दौरे पर निकलीं। दो घंटे तक उन्होंने परकोटे के प्रमुख बाजारों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सैलानियों को बेहतर सुविधाएं देने, ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और बदरंग होते शहर को संवारने के निर्देश दिए।
उन्होंने जलमहल की पाल का सौंदर्यीकरण और इसमें बोट चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इसके पुनर्विकास की योजना बनाएं। साथ ही यहां पर उन्होंने पर्यटन सीजन में वीकेंड पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए भी कहा। साथ ही बाजारों में अलग-अलग रंग देखकर उप मुख्यमंत्री नाराज हुईं। उन्होंने कहा कि पहचान के अनुरूप काम कराया जाए। मुख्य बाजारों की सभी इमारतों और दुकानों का रंग एक जैसा होना चाहिए। हवामहल के सामने (सुभाष चौक से बड़ी चौपड़ आने वाली सडक़ पर) पर भी उप मुख्यमंत्री ने सेल्फी प्वॉइंट बनाने के निर्देश दिए।
दिया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार शहर में हैरिटेज संरक्षण और विकास के लिए 100 करोड़ रुपए खर्च करेगी। बजट में इसका प्रावधान भी किया है। उन्होंने कहा कि जयपुर शहर में हैरिटेज संरक्षण और विकास पूर्ण नियोजन के साथ किया जाना है। निरीक्षण के दौरान हैरिटेज नगर निगम आयुक्त अभिषेक सुराना, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, ट्रैफिक (प्रशासन) प्रीति चंद्रा और पर्यटन विभाग के उप निदेशक उपेन्द्र सिंह शेखावत साथ रहे।