जयपुर

आज खाली हो जाएगा गोपालपुरा बाईपास! मलबा हटाने के लिए बढ़ाई डम्पर और ट्रैक्ट्रर—ट्रोलियों की संख्या

अब त्रिवेणी नगर चौराहे से गुर्जर की थड़ी के बीच हटाए जाएंगे 50 अतिक्रमण...
2 min read
• •
Updated: 23 Sep 2017, 1:30 PM IST
gopalpura bypass

जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण ने गोपालपुरा बाईपास रोड पर लगे मलबे के ढेर हटाने की कवायद तेज कर दी है। जेडीए आज सुबह से लेकर शाम तक मलबा हटाने पर जोर देगा। जेडीए ने आज 50 अतिक्रमण हटाने का प्लान तैयार किया है। जेडीए के मुख्य प्रवर्तन अधिकारी राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि गोपालपुरा बाईपास रोड पर अतिक्रमण हटाने के बाद मलबे के ढेर लग गए हैं। गोपालपुरा मोड़ से त्रिवेणी नगर चौराहे के बीच मकान और दुकानें बड़ी होने के कारण मलबा ज्यादा एकत्र हो गया है। आज मलबा हटाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए डम्पर और ट्रैक्ट्रर—ट्रोलियों की संख्या बढ़ाई जा रही है। जेडीए की टीम आज सुबह से देर रात तक मलबा हटाने का काम करेगी। साथ ही आज त्रिवेणी नगर चौराहे से गुर्जर की थड़ी के बीच 50 अतिक्रमण भी हटाए जा रहे हैं।

देर रात तक जुटा रहा जेडीए
जेडीए का प्रवर्तन दस्ता कल सुबह साढ़े 9 बजे से लेकर रात 10 बजे तक कार्रवाई में जुटा रहा। इस दौरान बाकी बचे अतिक्रमण हटाने के साथ ही ढहाए गए मकानों का मलबा उठाया गया। जेडीए मलबा हटाकर दुकानें और मकान तोडक़र खाली की गई जमीन पर सडक़ निर्माण शुरू करवाएगा। जेडीए ने शुक्रवार को 200 ट्रक से ज्यादा मलबा हटाया। जेडीए की टीम ने तीन मंजिला मकान को रात के समय ढहाया। मशीन की मदद से मकान को पहले तो पंक्चर किया गया। फिर उसका पिलर तोड़ा गया, इसके बाद देखते ही देखते तिमंजिला मकान मिट्टी के ढेर की तरह ढह गया।

व्यापारी उठा रहे पुनर्वास—मुआवजे की मांग
गोपालपुरा बाईपास रोड पर दुकानें—मकान हटाने के बाद अब यहां के व्यापारी पुनर्वास और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। व्यापार मंडल के लोग जेडीए अधिकारियों, स्थानीय विधायक और विपक्षी पार्टी के नेताओं से मिलकर अपनी पीड़ा बता रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि जेडीए ने बिना पुनर्वास किए ही उनकी दुकानें और मकान हटा दिए। उनकी रोजी—रोटी छिनने के साथ ही सिर पर छत की समस्या पैदा हो गई है।

Published on:
Also Read
View All