जयपुर

जयपुर में पत्रिका के अभियान का असर! चौड़ा रास्ता व्यापारियों ने खुद संभाली सफाई की कमान

जयपुर के चौड़ा रास्ता बाजार में स्वच्छता को लेकर व्यापारियों ने कदम उठाया है। निगम और व्यापार मंडल ने दुकानों पर जाकर डस्टबिन रखवाए और सफाई को लेकर समझाइश दी। गंदगी मिलने पर चालान की चेतावनी दी। साथ ही बाजार को आदर्श बनाने का संकल्प दिलाया।

2 min read
Aug 03, 2025
Jaipur Cleanliness Campaign (Patrika Photo)

Jaipur News: जयपुर शहर के बाजारों को साफ-सुंदर बनाने के लिए व्यापारी आगे आने लगे हैं। राजस्थान पत्रिका के स्वच्छता का संकल्प अभियान से प्रेरित होकर शनिवार को चौड़ा रास्ता के व्यापारी और हैरिटेज निगम प्रशासन आगे आया है।


बाजार में व्यापार मंडल पदाधिकारियों और निगम स्वास्थ्य शाखा के अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों और दुकानों पर जाकर व्यापारियों को डस्टबिन रखने और कचरा उसमें ही डालने के लिए समझाइश की, जिन दुकानों पर डस्टबिन नहीं मिला, उन्हें उपलब्ध करवाया।

ये भी पढ़ें

स्वच्छता अभियान: जयपुर सफाई में फिसड्डी, शहर में 1 आदर्श ट्रांसफर स्टेशन, बाकी जगह फैली गंदगी और अव्यवस्था


व्यापारियों से समझाइश शुरू


निगम स्वास्थ्य उपायुक्त देवानंद शर्मा और चौड़ा रास्ता व्यापार मंडल अध्यक्ष विवेक भारद्वाज, महामंत्री आलोक गुप्ता, पार्षद महेश संघी आदि ने न्यू गेट के पास से व्यापारियों से समझाइश शुरू की। एक-एक प्रतिष्ठानों पर जाकर डस्टबिन चेक किए, जिन प्रतिष्ठानों पर कचरापात्र नहीं मिले, उन्हें डस्टबिन उपलब्ध करवाए।

बाजार में लगे ट्री गार्ड में भरा कचरा

वहीं, जिनके पास टूटे डस्टबिन मिले, उन्हें बदलने के लिए समझाइश की। बाजार में चाय की दुकान व ठेले वालों को डस्टबिन उपलब्ध कराए गए। इस दौरान उन्हें दुकानों के आस-पास सफाई रखने के लिए जागरूक भी किया।


उपायुक्त ने फुटपाथ से उठाया कचरा


समझाइश के बीच एक दुकान के बाहर फुटपाथ पर कचरा फैला मिला, इस पर स्वास्थ्य उपायुक्त ने कचरा उठाकर दुकानदार को दिखाया और सफाई रखने की नसीहत दी। वहीं, एक दवा दुकान के बाहर पॉलिथिन पड़ी मिली, इस पर मालिक को इसका उपयोग नहीं करने को लेकर समझाइश की।


ट्री-गार्ड में पॉलिथिन और कचरा


बाजार में पेड़-पौधों के चारों ओर लग रहे ट्री गार्ड में कचरा और पॉलिथिन भरा नजर आया। इस पर स्वास्थ्य उपायुक्त और मंडल पदाधिकारियों ने व्यापारियों से कचरा डस्टबिन में ही डालने की बात कही। ताड़केश्वर महादेव मंदिर के बाहर कचरा डिपो बंद करवाने पर भी चर्चा हुई।


…तो होगा चालान


निगम अधिकारियों ने कहा कि अगर सड़क पर गंदगी मिली तो संबंधित दुकानदार का चालान किया जाएगा। प्रतिष्ठान के अंदर के जैसे बाहर भी सफाई की जिम्मेदारी निभाने की बात दोहराई।


समझाइश के दौरान व्यापारियों को संकल्प भी करवाया। व्यापारियों ने कचरा डस्टबिन में डालने, प्रतिष्ठान के बाहर गंदगी नहीं फैलाने की प्रतिबद्धता जताई। भगवान के चढ़ी माला को सड़क पर नहीं फेंकने के लिए जागरूक किया।


बनाएंगे आदर्श बाजार


मंडल अध्यक्ष विवेक भारद्वाज ने कहा कि बाजार में व्यापारियों से समझाइश नियमित जारी रहेगी। हर दुकान के बाहर डस्टबिन नजर आएंगे। महामंत्री आलोक गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों के सहयोग से बाजार को आदर्श बनाएंगे।

ये भी पढ़ें

जयपुर में सफाई बनी संस्कार, …तब ही बदलेगा शहर का हाल, जब सिस्टम बोले कम और सफाई करे ज्यादा

Published on:
03 Aug 2025 08:42 am
Also Read
View All

अगली खबर