जयपुर

Rajasthan Vidhan sabha: पशुपालन मंत्री ने पूरक प्रश्नों का दिया जवाब, चिकित्सा केंद्रों में रिक्त पदों की जानकारी आई सामने

राजस्थान विधानसभा में पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने स्वीकार किया कि सपोटरा विधानसभा क्षेत्र में पशु चिकित्सा के 167 स्वीकृत पदों में से 63 पद अभी भी खाली हैं।
less than 1 minute read
Feb 12, 2026
Rajasthan-Vidhan-Sabha
राजस्थान विधानसभा। फोटो: पत्रिका

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को प्रश्नकाल के दौरान पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने सपोटरा विधायक हंसराज मीना के पूरक प्रश्नों का जवाब दिया। कुड़गांव पशु चिकित्सा केंद्र को लेकर किए गए प्रश्न में मंत्री जोगाराम कुमावत ने बताया कि कुड़गांव पशु चिकित्सा केंद्र को वर्ष 2024-25 में प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय का दर्जा दे दिया गया है।

मंत्री जी के अनुसार चिकित्सा केंद्र के लिए जमीन आवंटित हो चुकी है। लेकिन भवन निर्माण के लिए बजट अगले वित्तीय वर्ष में संसाधनों की उपलब्धता के आधार पर स्वीकृत किया जाएगा।

66 संस्थाएं स्वीकृत

मंत्री ने विधायक हंसराज मीना के पूरक प्रश्नों के जवाब में बताया कि करौली जिले के करौली और टोडाभीम ब्लॉक में बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय चल रहे हैं। नादौती और सपोटरा ब्लॉक में ब्लॉक वेटेरिनरी हेल्थ ऑफिस हैं। सपोटरा विधानसभा क्षेत्र में कुल 66 पशु चिकित्सा संस्थाएं स्वीकृत हैं जिनमें 3 ब्लॉक वेटेरिनरी हेल्थ ऑफिस, 2 प्रथम श्रेणी अस्पताल, 11 पशु चिकित्सालय और 50 उपकेंद्र शामिल हैं।

167 पदों में से 63 खाली

सबसे चिंताजनक बात यह सामने आई कि सपोटरा क्षेत्र की पशु चिकित्सा संस्थाओं में कुल 167 स्वीकृत पदों में से 63 पद इस समय रिक्त हैं। यानी करीब 37 प्रतिशत कर्मचारी ही नहीं हैं। मंत्री ने कहा कि रिक्त पदों को कार्मिकों की उपलब्धता के अनुसार भरा जाता है। उन्होंने वर्षवार विवरण सदन के पटल पर रखा।

सर्वे के बाद होगा क्रमोन्नयन

मंत्री ने स्पष्ट किया कि पशु चिकित्सा संस्थाओं का उन्नयन जरूरत और वित्तीय संसाधनों के आधार पर किया जाता है। जिन क्षेत्रों में बड़े अस्पताल नहीं हैं वहां जरूरत पड़ने पर सर्वे कराकर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। हालांकि इसके लिए कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई गई।

Updated on:
12 Feb 2026 08:19 pm
Published on:
12 Feb 2026 08:19 pm