जयपुर नगर निगम में अब ऑफिस का काम शुरू करने से पहले अफसर—कर्मचारी राष्ट्रगान गाएंगे और शाम को जाने से पहले वंदेमातरम् गुनगुनाएंगे।
जयपुर। जयपुर नगर निगम में अब ऑफिस का काम शुरू करने से पहले अफसर—कर्मचारी राष्ट्रगान गाएंगे और शाम को जाने से पहले वंदेमातरम् गुनगुनाएंगे। कार्मिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना बनाए रखने के लिए शहरी सरकार इस तरह की प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इसके लिए नगर निगम मुख्यालय व सभी आठों जोन कार्यालय में इसकी पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा जा रहा है। महापौर अशोक लाहोटी ने इस संबंध में अफसरों को दिशा—निर्देश दे दिए हैं और एक—दो दिन में आदेश भी जारी हो जाएंगे।
संभवतया पहली बार होगा जब किसी सरकारी एजेंसी में राष्ट्रभक्ति के लिए ऐसा किया जा रहा है। इस तरह की गतिविधि चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि अभी तक सिकी सरकारी कार्यालय में ऐसा नहीं हो रहा है। सभी कार्यालयों में लगेंगे स्पीकरमुख्यालय सहित सभी जोन कार्यालय में स्पीकर लगाए जाएंगे। इसके लिए केबल लाइन डालने और स्पीकर खरीद प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। जोन कार्यालय में इसकी पालना सुनिश्चित करने की जिम्मेदार उपायुक्त की होगी। वहीं, निगम मुख्यालय में अतिरिक्त आयुक्त (मुख्यालय) मुख्य भूमिका में होंगे।
सुबह 10 बजे बाद हाजिरी मशीन हो जाएगी बंद
कर्मचारी समय पर ऑफिस पहुंचे, इसकी सुनिश्चितता के लिए फिर से अफसर सक्रिय हो गए हैं। इसके लिए अब हाजिरी मशीन के संचालन में बदलाव किया जाएगा। सुबह 10 बजे तक तो हाजिरी मशीन संचालित होती रहेगी, लेकिन इसके ठीक बाद स्वत: बंद हो जाएगी। यानी, दस बजे बाद आने वाले कार्मिक ? हाजिरी नहीं लगा सकेंगे। उन्हें आधे दिन के अवकाश की एप्लीकेशन देनी होगी। वहीं, फील्ड में रहने वाले कार्मिकों का इससे छूट रहेगी।
सभी में राष्ट्र प्रेम, राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत रहे, इसी कारण सुबह राष्ट्रगान और शाम को राष्ट्रगीत गाएंगे। यह नया और बेहतर कदम होगा। इसके लिए मुख्यालय सहित सभी जोन कार्यालयों में स्पीकर लगाने का काम जल्द शुरू होगा।
—अशोक लाहोटी, महापौर