जयपुर

पानी की कालाबाजारी: रात में बिकता जनता का पानी

ब्रह्मपुरी व दिल्ली रोड स्थित पंप हाउसों से भरे जा रहे टैंकर, निर्माणाधीन मकानों पर हो रहे खाली
2 min read
May 10, 2018
Jaipur News

जयपुर. पेयजल की किल्लत होने से लोगों को समय से आपूर्ति भी नहीं मिल पा रही है वहीं रात में जनता के हिस्से को गुपचुप बेचा जा रहा है।

ब्रह्मपुरी, गैटोर और गलता गेट पम्प हाउस से रात में पानी से भरे जलदाय विभाग से अनुबंधित टैंकर निकलते हैं और निर्माणाधीन इमारतों पर खाली होते हैं। पत्रिका टीम ने रात को इन पंप हाउसों का जायजा लिया तो यही हकीकत सामने आई। रामगढ़ मोड़ से लेकर दिल्ली रोड तक रात में कई निर्माणाधीन इमारतों में पानी की आपूर्ति की जा रही है। अब ट्रैक्टर-टैंकर चालक रात 10 बजे के बाद ही पानी की अवैध तरीके से आपूर्ति कर रहे हैं। वहीं दिन में कॉलोनियों में लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। उन्हें टैंकर भी नसीब नहीं हो रहे हैं।

इधर, पानी के लिए खोदे गड्ढे

सुभाष चौक दूध मण्डी के पास बीते डेढ़ माह से पानी की समस्या है। यहां मात्र 30 मिनट ही पानी आता है और दबाव भी कम होता है। दबाव से पानी की आस में लोगों ने घरों के सामने गड्ढे कर लिए हैं। लोगों का कहना है कि विभाग टैंकर भी उपलब्ध भी नहीं करा रहा है।

ऐसे बिक रहा पानी मिल जाएगा पानी, 400 रुपए लगेंगे
गलता गेट पंप हाउस से भी पानी के टैंकर भरकर आस-पास के क्षेत्र में पहुंचते हैं। एक टैंकर चालक ने बातचीत में कहा कि जहां आप मंगाएंगे पानी, वहां पहुंच जाएगा।

रिपोर्टर : रात में पानी की व्यवस्था हो सकती है।
चालक : टै्रक्टर खराब है, ऐसे में पानी नहीं पहुंचा सकता।
रिपोर्टर : रामगढ़ मोड़ पर पानी चाहिए।
चालक : पता बताओ, मैं व्यवस्था करवा दूंगा।
रिपोर्टर : कितने रुपए का मिलेगा।
चालक : 400 रुपए में मिलेगा, लेकिन आप पंप हाउस पर सम्पर्क कर लो।

कार्रवाई भी बेअसर

पत्रिका ने एक मई पानी की कालाबाजारी का खुलासा किया था। तब विभाग ने ठेकेदार पर पांच हजार रुपए का जुर्माना लगाया था। अधिकारियों ने सख्त निगरानी की बात भी कही थी।

100 रुपए महंगा

निर्माणाधीन इमारतों पर रात में तीन से चार टैंकर रोज भेजे जा रहे हैं। रात में आपूर्ति को देखते हुए कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी है। अब 300 की जगह 400 रुपए वसूल किए जा रहे हैं।

Published on:
10 May 2018 11:59 am